भाजपा नेता सुशील मोदी के निधन पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शाेक जताया

जयपुर, 14 मई (हि.स.)। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी के निधन पर राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने संवेदना प्रकट की है।

राज्यपाल कलराज मिश्र ने सुशील कुमार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन राजनीतिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति है। राजनीति में शुचिता से जुड़े सुशील मोदी ने सदैव आदर्श जीवन मूल्यों को जिया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर लिखा- बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद हैं। परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करें।

केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह ने सुशील मोदी के निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का देहावसान देश की राजनीति के लिए बड़ी क्षति है। वे बिहार की प्रगति का ध्येय रखते थे। संगठन में भी उनका अतुलनीय योगदान रहा। प्रभु श्रीराम उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। परिवार और समर्थकों को संबल प्राप्त हो।

हिन्दुस्थान समाचार/ईश्वर/सुनील

   

सम्बंधित खबर