करंट लगने से मां-बेटी की मौत, ससुर भी झुलसा

पाली, 14 मई (हि.स.)। सिरियारी थाना के तहत गांव गुड़ा चतरा में (ठहडा की ढाणी) में मंगलवार को एक खेत पर बने मकान के लोहे की खिड़की में फैले करंट की चपेट में आने से मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मृत महिला का ससुर गंभीर रूप से झुलस गया, जिन्हें देवगढ़ हॉस्पिटल रेफर किया गया है।

सिरियारी थाना प्रभारी गीता सिंह ने बताया कि खेत पर बने मकान पर मंजू अपने ससुर और बेटी के साथ रहती थी। उसका पति बन्ने सिंह कामकाज के सिलसिले में उड़ीसा रहता है। मंगलवार को गुड़ा चतरा (ठहडा की ढाणी) में खेत पर बने मकान पर बिजली का तार टूट कर गिर गया था। इससे मकान की लोहे की खिड़की में करंट फैल गया। इस बात से परिवार बेखबर था। सुबह खेलते समय डेढ़ साल की मासूम हर्षिता ने खिड़की को छू लिया और उसे करंट लग गया। करंट की चपट में आई अपनी बेटी को बचाने के लिए 27 साल की मां मंजू कंवर पत्नी बन्ने सिंह रावत राजपूत ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई। दोनों मां-बेटी को करंट लगता देखकर मंजू के 70 साल के ससुर कानसिंह पुत्र हजारी सिंह रावत ने दोनों को बचाने का प्रयास किया लेकिन वह भी गम्भीर रूप से झुलस गया। हादसे में गुड़ा चतरा (ठहडा की ढाणी) निवासी मंजू और उसकी डेढ़ साल की बेटी हर्षिता की मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे कानसिंह को देवगढ़ के लिए रेफर किया गया है। पुलिस ने घटना की जानकारी मंजू के पति बन्ने को सूचना दे दी है। पुलिस ने जोजावर हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/सुनील

   

सम्बंधित खबर