सीटी सिर्फ बजाने के लिए है, लोकसभा में भेजने के लिए नहीं: रवींद्र चव्हाण

मुंबई, 14 मई, (हि. स.)। देश के संविधान की बुनियाद को कोई नहीं बदल सकता, इसमें कोई संदेह नहीं है और इसे बदलने का कोई सवाल ही नहीं है। पर, विरोधी इसे गलत तरीके से पेश कर रहे हैं और लोगों को गुमराह कर रहे हैं। यह बातें पालकमंत्री रवींद्र चव्हाण ने कहीं। वे मंगलवार को पालघर जिले के नालासोपारा (पूर्व) में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। चव्हाण ने बहुजन विकास आघाडी पर तंज कसते हुए कहा कि सीटी सिर्फ बजाने के लिए है और इसे लोकसभा में नहीं भेजा जा सकता। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को यह समझना चाहिए कि यह चुनाव गली-मोहल्लों में नहीं, बल्कि दिल्ली में है। उन्होंने कहा कि देश को सुरक्षित करने का काम अकेले बहुजन विकास आघाडी के लिए संभव नहीं है। उन्होंने आग्रह किया कि सही उम्मीदवार को वोट दें, गलत को नहीं। उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में पालघर सीट के लिए 20 मई को वोटिंग होनी है। इस सीट पर महायुति से भाजपा के उम्मीदवार हेमंत विष्णु सावरा चुनाव मैदान में हैं। वहीं बहुजन विकास आघाडी (बविआ) ने बोईसर के विधायक राजेश पाटील और महाविकास आघाडी ने शिवसेना (उद्धव) की प्रत्याशी भारती कामड़ी को मैदान में उतारा है।

पालकमंत्री चव्हाण ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि यह आम लोगों की सरकार है। सरकार ने महिला-पुरुष सहायकों, पुलिस कांस्टेबल आदि के वेतन में बढ़ोतरी की है। राज्य और केंद्र सरकार ने 26 हजार मछुआरों को बचाने का काम किया। सरकार ने सभी के लिए अच्छी नीतियां बनाकर काम किया है। वसई विरार की पानी और सीवरेज समस्या को हल करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने हजारों करोड़ रुपए मंजूर किए। उन्होंने कहा कि बीजेपी और शिंदे सरकार स्थानीय स्तर पर भी यह काम कर रही है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के चलते एक दिन में 38 किमी सड़कें बन रही हैं। रोरो सेवा का कार्य प्रगति पर है। मोदी सरकार देशभर में रेलवे का जाल बुनने और फैलाने का काम कर रही है। हमारे कृषि प्रधान देश में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया जा रहा है। पहले गोदामों की कमी थी और अनाज बर्बाद हो रहा था, लेकिन अब बड़े पैमाने पर गोदाम बन गए हैं। उन्होंने कहा कि इसकी क्षमता बढ़ा दी गयी है। आने वाले समय में देश का कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार

   

सम्बंधित खबर