बदमाशों को दी विधायक ने चेतावनी, कब्जा करने नहीं दूंगी-अब गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं

बाड़मेर, 18 मई (हि.स.)। बाड़मेर विधायक प्रियंका चौधरी ने बदमाशों को चेतावनी देते हुए कहा कि मैं सभी को कहना चाहूंगी कि यहां जो हिमाकत की है, ज़ुर्रत की है कब्जा करने की। यह नहीं होने दूंगी। पुराने दिन नहीं है, पुराना वक्त नहीं है। यहां इस तरह की गुंडागर्दी और दादागिरी प्रियंका चौधरी बर्दाश्त नहीं करेगी। यह सब कान खोलकर सुन लो।

दरअसल, बाड़मेर शहर के नेहरू नगर में दो गाड़ियों में आए बदमाशों ने दिनदहाड़े एक भूखंड पर कब्जा करने का प्रयास किया। दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इसमें एक पक्ष के चार जने घायल हो गए, जिन्हें गवर्नमेंट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। घायलों से मिलने बाड़मेर विधायक प्रियंका चौधरी भी पहुंची और पुलिस अधीक्षक से घटनाक्रम की जानकारी ली।

प्रियंका चौधरी ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि बाड़मेर शहर के अंदर दिनदहाड़े एक भूखंड पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। जो वीडियो आए है, उनमें यह बात तय है कि प्लान के तहत कब्जा करने का प्रयास था। वहां पर क्रेन और मशीन, कंटेनर लेकर आए। जो कब्जा करने आए थे वो धारदार हथियार लेकर आए थे। उनके पास सरिए, कुल्हाड़ियां थी। हॉस्पिटल में महिलाओं को चोट लगी हुई है। युवकों के सिर में टांके आए हुए है। किसी भी हद तक हादसा हो सकता था। जान का भी नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि नेहरू नगर मामले में दो चीज सामने निकल कर आ रही है। या तो पुलिस का खौफ खत्म हो गया है। या फिर किसी न किसी की शह जरूर है। वरना किसी की हिम्मत नहीं है कि सरेआम ऐसी हरकत करें। मुझे सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस को फोन किया, कुछ पुलिसकर्मी पहुंचे थे। लेकिन जो कार्रवाई हुई वो संतोषजनक नहीं थी।

पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम

चौधरी ने कहा कि एसपी से मुलाकात की और उन्होंने कहा कि चार जनों को अरेस्ट किया है। एफआईआर में 11 जने नामजद है। एसपी ने भरोसा दिया है कि शाम तक सभी को गिरफ्तार कर लेंगे। अगर अरेस्ट नहीं कर पाते है तो वो अपने अधिकारी उनके खिलाफ सख्त एक्शन लेंगे। पुलिस का कर्तव्य है कि आमजन में जो भय का माहौल है, उसे खत्म करें। लेकिन मैं मानती हूं कि जिस तरीके से घटनाएं हो रही है, उसमें पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/चन्द्रशेखर/संदीप

   

सम्बंधित खबर