कपड़ा फैक्ट्री में बॉयलर फटा, दो की मौत, धमाके से एक मजदूर के चिथड़े उड़े

बाड़मेर, 12 अप्रैल (हि.स.)। बालोतरा के औद्योगिक क्षेत्र थर्ड फेज में महालक्ष्मी प्रोसेस हाउस में बॉयलर फटने से दो लोगों की मौत गई और तीन गंभीर झुलस गए। हादसा इतना भीषण था कि बॉयलर के पास काम कर रहे एक मजदूर के चिथड़े उड़ गए।

थानाधिकारी ओमप्रकाश गोदारा ने बताया कि दोपहर में कपड़ा फैक्ट्री में मजदूर बॉयलर में प्रोसेस कर रहे थे। इस दौरान बॉयलर का तापमान बढ़ने पर वह अचानक फट गया। हादसा इतना भीषण था कि बॉयलर के पास काम कर रहे दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बुरी तरह झुलस गए। साथी मजदूरों ने बताया कि हादसे में जवाहरलाल (21) निवासी बालोतरा, मेघाराम प्रजापत (52) निवासी गोल स्टेशन (बालोतरा) की मौत हो गई। वहीं देवेंद्र (20), खेताराम (28), सवाई (23) का इलाज चल रहा है। धमाके से फैक्ट्री का एक हिस्सा धराशायी हो गया। धमाके की आवाज सुन वहां भीड़ जुट गए। अन्य मजदूर हादसे की चपेट में आए सभी मजदूरों को निजी वाहन से बालोतरा के नाहटा हॉस्पिटल ले जाया गया। धमाका इतना भीषण था कि मलबे में एक मजदूर के शरीर के अंग अलग-अलग हिस्सों में मिले।

बालोतरा हॉस्पिटल में इलाज करा रहे घायल मजदूर खेताराम ने बताया कि रोजाना की तरह आज भी हम मजदूरी करने फैक्ट्री पहुंचे थे। मैं महालक्ष्मी प्रोसेस हाउस में मजदूरी करता हूं। दोपहर में बॉयलर शुरू किया था। छह से सात मजदूर बॉयलर के पास काम कर रहे थे। दोपहर में धमाके के आवाज आई। मैं बॉयलर के जबरदस्त धमाके से उछलकर दूर गिरा। बालोतरा हॉस्पिटल के डॉ. हरीश खत्री ने बताया कि हादसे के बाद हॉस्पिटल प्रशासन सक्रिय हो गया था। जैसे ही घायल आए, उनका इलाज किया गया। इलाज के दौरान लाए गए घायल मजदूरों के शरीर पर ज्यादा चोट नहीं थी। उनका प्राथमिक उपचार कर सर्जिकल वार्ड में भर्ती किया गया है। देवेंद्र की हालत गंभीर होने के कारण जोधपुर रेफर किया गया। घटना की जानकारी मिलने पर बालोतरा एसडीएम राजेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर