उत्तराखंड कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना, बोली- अपनी हार देख निकाय चुनाव टाल रही सरकार

देहरादून, 18 मई (हि.स.)। उत्तराखण्ड कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नवीन जोशी ने निकाय चुनाव को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। रायपुर विधानसभा अंतर्गत सहस्त्रधारा में शनिवार को जनता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार अपनी हार को देखते हुए निकाय चुनाव को टाल रही है।

कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री जोशी ने कहा कि भाजपा निकायों में प्रशासकों को बैठाकर अपना कब्जा करना चाहती है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार अपनी जनविरोधी नीतियों को छुपाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाकर जनता की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। इसका कड़ा विरोध किया जायेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा देश के ''सर्वधर्म सम्भाव'' को समाप्त कर देश का माहौल खराब कर रही है, जो स्वच्छ लोकतंत्र के लिए अच्छ संकेत नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 10 वर्ष के कार्यकाल में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस तथा खाद्य पदार्थों की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि के अलावा कोई उपलब्धि हासिल नहीं की। उन्होंने कहा कि आज मंहगाई अपने चरम पर है। आम आदमी को दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। इससे आम जनता का भाजपा से मोह भंग हो रहा है।

इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता आषीश नौटियाल, साविती थापा, मनमोहन शर्मा, राजीव शाह, आयुश बिष्ट, रवि तनेजा, मिनाक्षी थापा, रीता देवी, अंजलि माही आदि थे।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/रामानुज

   

सम्बंधित खबर