महिलाओं के हितों की रक्षा करेगा यूसीसी : कुसुम कण्डवाल

महिला सुरक्षा व हितों की रक्षा करेगा यूसीसी : कुसुम कण्डवाल 

देहरादून, 16 फरवरी (हि.स.)। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। साथ ही महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि यह कानून महिला सुरक्षा व महिलाओं के हितों की रक्षा का काम करेगा। इसका सर्वाधिक लाभ मुस्लिम बहनों को मिलेगा। उन्हें अब अन्य महिलाओं की भांति अपने हक और अधिकार प्राप्त होंगे। तीन तलाक जैसी प्रताड़ना से नहीं जूझना पड़ेगा। उन्हें समान अधिकार मिलेंगे।

उधमसिंहनगर के मुख्यालय रुद्रपुर के नगर निगम सभागार में शुक्रवार को आयोजित नारीशक्ति सम्मान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई। पांच महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित करने के साथ छह शिशुओं का अन्नप्राशन भी कराया। आयोग अध्यक्ष ने पांच महिला बीएलओ को श्रेष्ठ कार्य के लिए सम्मानित किया। साथ ही मातृशक्ति को निष्पक्ष व बिना लालच के मतदान करने की शपथ दिलाई।

केंद्र व राज्य सरकार के नेतृत्व में महिलाओं को हर क्षेत्र में मिल रही प्राथमिकता

आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार के नेतृत्व में महिलाओं को हर क्षेत्र में प्राथमिकता मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाएं हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं तो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी महिलाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण के प्रति अत्यंत संवेदनशील हैं। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर