जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांग मतदाता को कक्ष तक पहुंचाने के बाद डाला वोट

जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांग मतदाता

मतदान केन्द्रों पर अलग-अलग दिखायी पड़े रंग

लखनऊ, 20 मई(हि.स.)। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में आज राजधानी लखनऊ में सुबह सात बजे से मतदाता लाइन में लगकर अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस दौरान नगर निगम परिसर में बने मतदान केन्द्र पर जिला निर्वाचन अधिकारी सूर्यपाल गंगवार एक दिव्यांग मतदाता की मदद करते हुए दिखायी पड़े।

व्हीलचेयर पर बैठक कर आये दिव्यांग मतदाता से जिला निर्वाचन अधिकारी ने पर्ची और निर्वाचन पहचान पत्र के बारे में पूछा। दोनों होने की जानकारी मिलते ही जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिव्यांग मतदाता के व्हीलचेयर को स्वयं चलाकर उसे कक्ष तक पहुंचाया। वहीं मतदान केन्द्र पर सूर्यपाल गंगवार ने अपना भी मतदान किया।

डालीगंज मोहल्ला के सरकारी स्कूल में बने मतदान केन्द्र पर शासकीय अधिवक्ता दिलिप पाठक और उनके पत्नी एक साथ मतदान करने पहुंचें। पति पत्नी ने अपने मतदान करने के बाद कहा कि आज घरेलू कार्यो को रोककर पहले मतदान करने आये हैं। वैसे यह पहली बार नहीं है कि वे दोनों एक साथ मतदान करने निकले हैं। मतदान करने के लिए सुबह के वक्त एक साथ निकलने पर दिनभर के समय को उपयोग घरेलू कार्यो में किया जा सकता है।

नदवां मार्ग पर लखनऊ विश्वविद्यालय के संकाय परिसर में बने मतदान केन्द्र पर सुबह से मतदाताओं की पंक्तियां लग गयी। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के पार्षद रंजीत सिंह ने मनकामेश्वर मंदिर की ओर से आने वाले मतदाताओं के लिए ईरिक्शा का प्रबंधन कर उन्हें बैठाते हुए दिखायी पड़े।

मनकामेश्वर मंदिर की महंत देव्या गिरी ने मतदान करने के बाद शिव भक्तों से घरों से निकलने और मतदान करने की अपील की। महंत देव्या गिरी ने कहा कि मतदान के दिन शेष कार्यो को छोड़कर पहले मतदान कीजिए। अपने दिनभर के कार्यो को मतदान करने के बाद ही करिये। आज सोमवार का दिन भी है,भगवान शिव शंकर सभी का कल्याण करें।

धूप और गर्मी से बचने के लिए कुछ मतदाताओं ने सुबह सात बजे से पहले ही मतदान केन्द्रों पर पंक्ति लगा ली। रिजर्व पुलिस लाइन और निराला नगर के मतदान केन्द्रों पर सुबह छह बजे से ही मतदाता पहुंच गये। उन्होंने थरमस में लायी गयी चाय का स्वाद लिया और मतदान शुरु होते ही अपने मताधिकार का उपयोग किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/राजेश

   

सम्बंधित खबर