भाजपा का 'लक्ष्य 400 पार' भेदने के साथ विंध्य धरा पर इतिहास रचने की तैयारी

- मीरजापुर में लगातार दो बार से एनडीए का कब्जा, एक बार फिर रिकॉर्ड बनाने की कोशिश

- उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मीरजापुर में चुनाव प्रचार का करेंगे आगाज, गिनाएंगे उपलब्धियां

- सपा-बसपा-कांग्रेस समेत राजनैतिक दलों पर जमकर बरसेंगे केशव, नाकामियां करेंगे उजागर

मीरजापुर, 20 मई (हि.स.)। भाजपा का ‘लक्ष्य 400 पार’ भेदने के साथ इस बार विंध्य धरा पर इतिहास रचने की तैयारी है। दरअसल, जगविख्यात मां विंध्यवासिनी धाम यानी मीरजापुर जनपद में लगातार दो बार से एनडीए का कब्जा है। अब एक बार फिर एनडीए मीरजापुर में रिकॉर्ड बनाने की कोशिश में है। मीरजापुर लोकसभा सीट पर अब तक किसी भी दल का लगातार दो या तीन बार कब्जा नहीं रहा है।

मीरजापुर लोकसभा सीट पर अंतिम यानी सातवें चरण में एक जून को मतदान होना है। मीरजापुर से कुल 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नामांकन के बाद अब चुनाव प्रचार का शोर गूंजने वाला है। सभी दल चुनावी रणनीति के साथ मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में जुटे हैं। वहीं भाजपा की ओर से उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मीरजापुर में चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे। इसके बाद ताबड़तोड़ जनसभा और रैलियां होंगी। उप मुख्यमंत्री मीरजापुर में जनसभा कर मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाएंगे और कार्यकर्ताओं को मथने के साथ मतदाताओं को भी साधेंगे। साथ ही सपा-बसपा-कांग्रेस समेत राजनैतिक दलों पर जमकर बरसेंगे और उनकी नाकामियां उजागर करेंगे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री ने जनसभा की तैयारियों को दी धार, बोले- जोरशोर से जुट जाएं कार्यकर्ता

राज्यसभा सदस्य, भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं काशी क्षेत्र के प्रभारी अमरपाल मौर्य ने उप मुख्यमंत्री की प्रस्तावित जनसभा को लेकर बरौंधा कचार स्थित भाजपा कार्यालय पर सोमवार को समीक्षा बैठक कर तैयारियों को धार दी और कहा कि पदाधिकारी और कार्यकर्ता जनसभा को सफल बनाने में जोरशोर से जुट जाएं।

22 मई को मीरजापुर में उतरेगा उप मुख्यमंत्री का उड़न खटोला, करेंगे जनसभा

उन्होंने बताया कि 22 मई को सुबह नौ बजे मझवां विधानसभा के सिटी ब्लॉक अंतर्गत ग्रामसभा शाहपुर चौसा स्थित बाबू रघुवंश सिंह इंटर कॉलेज के सामने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का विशाल जनसभा होगा। जनसभा की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। कार्यक्रम स्थल पर जोरशोर से तैयारी चल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/सियाराम

   

सम्बंधित खबर