नैनीताल में वीवीआईपी के दौरों पर रोक की मांग, राजभवन गेट पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

नैनीताल, 26 मई (हि.स.)। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी क्रांतिकारी मोर्चा ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि सरोवर नगरी नैनीताल, कैंची धाम और निकटवर्ती पर्यटक स्थलों में पर्यटन सीजन के दौरान चार धाम की तर्ज पर बढ़ते हुए वीवीआईपी दौरौं पर रोक लगाई जाए।

मोर्चे के नगर अध्यक्ष शाकिर अली, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश जोशी, मनमोहन कनवाल, इंदर नेगी, महेश जोशी, आदि राज्य आंदोलनकारियों ने प्रेस को जारी संयुक्त बयान में कहा है कि यहां पर्यटन सीजन के दौरान वीवीआईपी दौरों का चलन बढ़ता जा रहा है। इससे देश-विदेश से आने वाले हजारों-हजार पर्यटकों के साथ ही स्थानीय जनता को भी घंटों जाम में जूझने के साथ अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश के राज्यपाल आग्रह किया है कि यातायात की समस्या को गंभीरता से समझते हुए उनको भी अपने नैनीताल दौरों को स्थगित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वीवीआईपी ड्यूटी में पुलिस कर्मियों को लगाने से पूरी यातायात व्यवस्था धरासाई हो जाती है।

राज्य आंदोलनकारियों ने प्रदेश सरकार को चेतावनी भी दी है कि अगर शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नहीं निकाला गया तो उनको मजबूर होकर नैनीताल राजभवन के मुख्यद्वार पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसका पूर्ण उत्तरदायित्व प्रदेश सरकार का होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. नवीन जोशी/सत्यवान/रामानुज

   

सम्बंधित खबर