लोस चुनाव : घोसी से अब तक संसद नहीं पहुंची कोई महिला

लखनऊ, 27 मई (हि.स.)। घोसी संसदीय सीट पर अब तक हुए 16 आम चुनावों में कुल 233 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाने चुनाव मैदान में उतरे। इसमें 4 महिलाएं शामिल हैं। घोसी के लोगों ने अब तक किसी महिला को अपना सांसद नहीं चुना। पूर्वांचल से समय-समय पर महिला सांसद चुनी गईं लेकिन घोसी को यह सौभाग्य अब तक प्राप्त नहीं हुआ। इस बार भी घोषी से तीन महिलाएं चुनाव मैदान में हैं।

1999 में पहली बार महिला प्रत्याशी मैदान में उतरी

घोसी संसदीय सीट पर 1999 के आम चुनाव में पहली बार 2 महिला प्रत्याशी डॉ. सुधा राय और निर्मला राय चुनाव मैदान में उतरीं। घोसी के विकास पुरुष कल्पनाथ राय की मृत्यु के बाद 1999 में कांग्रेस ने उनकी पत्नी डाॅ. सुधा राय को टिकट दिया लेकिन स्थानीय कांग्रेस संगठन में उपजे आपसी कलह और विरोध ने उन्हें जीत नसीब नहीं होने दी। सुधा राय को 10.22 फीसदी वोट मिले और वह चौथे स्थान पर रहीं। दूसरी महिला प्रत्याशी निर्दलीय निर्मला राय थीं। निर्मला को 0.18 फीसदी वोट मिले। ये चुनाव बसपा के बालकृष्ण ने जीता था।

2004 और 2009 में सुधा राय मैदान में

14वीं लोकसभा के चुनाव में कांग्रेस ने डाॅ. सुधा राय पर दोबारा विश्वास जताया। इस चुनाव में 23 प्रत्याशी मैदान में थे। सुधा राय अकेली महिला प्रत्याशी थीं। सुधा राय को 136,794 (18.95%) वोट मिले। वो तीसरे स्थान पर रहीं। 2009 के आम चुनाव में सुधा राय तीसरी बार कांग्रेस की टिकट पर मैदान उतरीं। 150,242 (19.62%) वोट मिले। सुधा राय तीसरे स्थान पर रहीं। इस चुनाव में 16 प्रत्याशी मैदान में थे। सुधा राय के अलावा किसी दूसरी महिला प्रत्याशी ने चुनाव मैदान में उतरने की हिम्मत नहीं की।

2019 में गीता मैदान में उतरीं

2014 के चुनाव में घोसी से 18 प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें एक भी महिला शामिल नहीं थी। 17वीं लोकसभा के लिए 2019 में हुए चुनाव में 15 प्रत्याशियों में एक महिला शामिल थी। अम्बेडकर समाज पार्टी की प्रत्याशी गीता को 1367 वोट मिले। ये चुनाव बसपा के अतुल कुमार सिंह ने जीता था। अतुल को 573,829 वोट मिले। इस चुनाव में कुल 11 लाख 40 हजार 781 वोटरों ने अपना मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव में 57.28 फीसदी वोटिंग हुई।

2024 चुनाव का हाल

18वीं लोकसभा के लिए हो रहे चुनाव में घोसी संसदीय सीट से कुल 28 प्रत्याशियों में 3 महिलाएं शामिल हैं। किसी प्रमुख राजनीतिक दल ने महिला प्रत्याशी को टिकट नहीं दिया है। इस बार अखिल भारतीय हमारा समाज पार्टी से रोली गुप्ता, मूलनिवासी समाज पार्टी से लीलावती राजभर और निर्दलीय प्रत्याशी ज्योतिर्मा पाठक चुनाव मैदान में हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. आशीष वशिष्ठ/दिलीप

   

सम्बंधित खबर