नगर निगम का एक वर्ष उपलब्धियों से भरा रहा : महापौर

प्रयागराज, 27 मई (हि.स.)। नगर निगम के कार्यकाल के रूप में एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर निगम के नए हॉल में सभी पार्षदों के साथ एक वर्ष की उपलब्धियां पर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर सभी पार्षदों ने गणेश केसरवानी की सराहना करते हुए कहा कि महापौर के कुशल नेतृत्व में इस बार शहर का चतुर्दिक विकास हो रहा है। इस दौरान महापौर ने एक वर्ष की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए ऐतिहासिक है। आज ही के दिन हम सब लोगों ने जन सेवा का शपथ लिया था। जनता की आपकी इच्छाओं और आकांक्षाओं को पूरा करते हुए हम सब लोगों ने मिलकर शहर के बुनियादी विकास के लिए 812 सड़क गली नाली का निर्माण कराया, 8 घाटों एवं 37 शौचालयों का निर्माण हो रहा है, दो गौशाला एवं 387 पार्कों का नवीनीकरण हुआ, दो अमृत सरोवर बने, दो शवदाह गृह बनाया जा रहा है, 17 स्मार्ट विद्यालय के माध्यम से शहर के गरीब बच्चों को शिक्षा प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही देश भर के स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रयागराज को गंगा टाउन सिटी में दूसरा पुरस्कार की उपाधि प्राप्त हुई। यह प्रयाग की जनता नगर निगम के पार्षद और नगर निगम प्रशासन की सामूहिक भूमिका का परिणाम है।

इसके साथ ही खेलो प्रयागराज महापौर कप के माध्यम से प्रयागराज के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने का भी अद्भुत कार्य किया। नगर निगम द्वारा हम सब लोग मिलकर संकल्प लेते हैं कि प्रयागराज के इतिहास परम्पराओं को आगे किया जाएगा। यज्ञ की भूमि प्रयाग में भगवान ब्रह्मा जी की एक विशाल प्रतिमा, महर्षि वाल्मीकि की एक विशाल प्रतिमा रामायण के महत्व के साथ स्थापित किया जा रहा है। कुम्भ गैलरी जो कुम्भ के इतिहास को प्रत्येक दिन अनेक जिज्ञासाओं को शांत करेगा। प्रयागराज का गौरव बढ़े, प्रयागराज एक आदर्श शहर बने और इसमें समाज की भूमिका हो। इस नाते हम सभी लोग समाज का जागरण करते हुए स्वच्छता से जोड़ते हुए विकास से जोड़ते हुए एक ऐतिहासिक शहर बनाने में हम सब लोग सफल हों। महापौर ने अभिनंदन व्यक्त करते हुए सभी को बधाई दी और साथ ही आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर नगर निगम की उपाध्यक्षा श्रीमती सुनीता दरबारी, पार्षदगण राजू शुक्ला, आनंद घिल्ड़ियाल, भोला तिवारी, शिवसेवक सिंह पटेल, किरण जयसवाल, कुसुमलता गुप्ता, मोहम्मद आजम, सोनिका अग्रवाल, बबलू रघुवंशी, नीरज गुप्ता, मुकेश कसेरा आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/राजेश

   

सम्बंधित खबर