ऊर्जा राज्य मंत्री के खिलाफ त्यागी समाज का प्रदर्शन, छेड़छाड़ के आरोपित को बचाने का आरोप

मेरठ, 28 मई (हि.स.)। प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के खिलाफ त्यागी समाज ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन करके त्यागी समाज के लोगों ने लड़की के साथ छेड़छाड़ और पिटाई के आरोपित को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने कहा कि आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर ऊर्जा राज्य मंत्री के घर के आगे तंबू गाड़कर धरने की चेतावनी दी।

त्यागी भूमिहार संयुक्त महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील त्यागी किसौला और त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी के नेतृत्व में मंगलवार को लोगों ने पहले कमिश्नरी पार्क में पंचायत की। इसके बाद एसएसपी कार्यालय पर हंगामा और प्रदर्शन किया।

मांगेराम त्यागी ने कहा कि आठ मई को मेडिकल थाना क्षेत्र की त्यागी समाज की किशोरी के साथ गुर्जर समाज के युवक ने छेड़खानी की थी। जब किशोरी और उसका पिता आरोपित के घर शिकायत लेकर पहुंचे तो आरोपित के पिता व दादा ने किशोरी व उसके पिता को घर में बंधक बनाकर उनकी जमकर पिटाई की थी। पीड़ित परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया। पुलिस ने आरोपित के पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन चार दिन में ही उसे जमानत मिल गई। अन्य आरोपितों को भी पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है।

इंटरनेट मीडिया पर आरोपित खुद को भाजपा नेता व प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री का करीबी बताकर धमकी दे रहा है। त्यागी समाज के लोगों ने ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर पर आरोपितों को संरक्षण देने का आरोप लगाकर हंगामा किया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में बेटियों की सुरक्षा का दावा किया जाता है, लेकिन अब बेटियों का खुलेआम शोषण किया जा रहा है। अगर आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो त्यागी समाज के लोग ऊर्जा राज्य मंत्री के घर के बाहर ही तंबू गाड़कर डेरा डाल देंगे। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में महेंद्र त्यागी, प्रदीप त्यागी, राजेश त्यागी खंदरावली, विपिन त्यागी, प्रमोद त्यागी, सतीश त्यागी, प्रवीण त्यागी, सुनील त्यागी आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/सियाराम

   

सम्बंधित खबर