महात्मा गांधी के प्रति भारतवासी ही नहीं, दक्षिण अफ्रीका के लोग भी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं: करन माहरा

महात्मा गांधी पर प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी पर उत्तराखंड कांग्रेस ने दी प्रतिक्रिया

देहरादून, 30 मई (हि.स.)। उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को लेकर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जब भी विश्व के महापुरुषों की गिनती होती है उसमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को सर्वोच्च स्थान पर पाकर भारतवासी अपने को गौरवान्वित महसूस करते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि गांधी पर फिल्म बनने के बाद पूरा विश्व उन्हें जान पाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि आजादी के महानायक जिनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने आजादी की लड़ाई लड़ी और जिनकी बदौलत हम आजाद देश में सांस ले रहे हैं उन महात्मा गांधी के प्रति भारतवासी ही नहीं अपितु दक्षिण अफ्रीका के लोग भी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी को ‘राष्ट्रपिता’ कहने का स्रोत पहली बार सुभाष चंद्र बोस ने दिया था। सुभाष चंद्र बोस ने गांधीजी को ‘राष्ट्रपिता’ कहकर सम्मानित किया था। वे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख नेता थे। जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने देश की आजादी के लिए अपना पूरा जीवन न्यौछावर कर दिया था, वहीं बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर समतामूलक समाज के परिचायक थे। उन्होंने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस प्रकार भाजपा नेताओं की ओर से महानायकों को अपमानित किया जा रहा है वह उनकी फांसीवादी सोच को दर्शाता है।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/सत्यवान/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर