गुजरात में इस बार आंधी-पानी के साथ हीट वेव का रहेगा लंबा दौर

- परंपरागत तरीकों से मौसम विशेषज्ञ अंबालाल का पूर्वानुमान

अहमदाबाद, 31 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी झेल रहे राज्य भर के लोगों को आगामी दिनों में भीषण गर्मी के साथ ही आंधी-तूफान का सामना करना पड़ेगा। जून इस बार अधिक गर्म के साथ आंधी-तूफान भी लाएगा। तेज हवा और चक्रवाती तूफान जैसे हालात बनेंगे। मौसम के इस बादलाव का गुजरात के लोगों को सामना करना पड़ेगा।

जून के आगमन के साथ ही राज्य का मौसम बदलेगा। शरीर झुलसाने वाली गर्मी के बीच राज्य के लोगों को बारिश का इंतजार है। इस बीच परंपरागत तरीकों से मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाले अंबालाल ने बताया कि इस बार जून में हीटवेव बढ़ेगी। जून के दौरान गुजरात, राजस्थान और मध्यप्रदेश में सर्वाधिक गर्मी रहेगी। मई से अधिक जून में गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है। जून में सामान्य तौर पर 3 दिन का हीट वेव रहता है, लेकिन इस बार यह अवधि 6 दिन की रह सकती है। जून के दौरान रात के तापमान में बढोतरी होगी, जिससे लोगों को गर्मी की बेचैनी सहनी पड़ सकती है।

इस साल रेमल चक्रवाती तूफान गुजरात के मौसम में बड़ा बदलाव लाएगा। आगामी 3 दिन कच्छ, बनासकांठा, पाटण, सुरेन्द्रनगर में धूल भरी आंधी का अनुमान है। इसकी वजह से विजिबिलिटी में कमी आएगी। इस दौरान 25 से 30 किलोमीटर की तेजी से हवा बहेगी। राज्य के 4 जिलों में धूल भरी आंधी आने का अनुमान है। आगामी 3 दिनों के अंदर बनासकांठा, पाटण, सुरेन्द्रनगर और कच्छ में डस्ट स्ट्रोम आने का अनुमान है। इसमें 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा बहेगी। इसके अलावा राज्य में आगामी 5 दिनों तक वातावरण शुष्क रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम की ओर से हवा आने के कारण गर्मी में थोड़ी कमी आएगी। अरब सागर की ओर से हवा आने के कारण इसमें नमी की मात्रा अधिक रहेगी। हवा की गति भी 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रहेगी। दूसरी ओर मौसम विशेषज्ञ अंबालाल का कहना है कि मानसून की शुरुआत में अच्छी बारिश होगी। आंधी-तूफान के साथ प्री मानसून की बारिश भी पहले आएगी। 4 जून तक राज्य के उत्तर गुजरा, मध्य गुजरात, सौराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में बारिश होगी। वडोदरा, नडियाद, आणंद, धंधुका, भावनगर, सौराष्ट्र के कई क्षेत्र, जंबुसर, पंचमहाल, साबरकांठा, अहमदाबाद, गांधीनगर, धोलका और कच्छ में बिजली की चमक और बादलों की गड़गड़ाहट के साथ प्री-मानसून एक्टिविटी होगी।

इस बार किसानों के लिए अच्छा समाचार है। अंबालाल के अनुसार मानसून 31 मई को केरल आ जागा। यानी एक दिन पहले मानसून का आगमन होगा। सामान्य रूप से 1 जून को मानसून आता है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार जून के पहले सप्ताह से गुजरात में प्री मानसून एक्टिविटी देखने को मिलेगी। पहले सप्ताह में गुजरात के वलसाड, डांग समेत अन्य क्षेत्रों में बारिश होगी। मध्य गुजरात के आणंद, वडोदरा, नडियाद समेत अन्य क्षेत्रों में भी बारिश होने का अनुमान है।

सौराष्ट्र के धंधुका, भावनगर और सौराष्ट्र के दक्षिण हिस्सों में बारिश होगी। अहमदाबाद, गांधीनगर में भी प्री मानसून बारिश होगी। पंचमहाल के कुछ क्षेत्रों के अलावा साबरकांठा में भी प्री मानसून बारिश देखने को मिलेगी। 4 जून तक समग्र राज्य में बारिश होगी। रोहिणी नक्षत्र के पिछले भागों में बारिश होने से मानसून अच्छा रहेगा। सवा महीने के बाद अच्छी बारिश होगी।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/सुनीत

   

सम्बंधित खबर