नदी में अवैध खनन को लेकर दो गुटों में झड़प

धुबड़ी (असम), 02 जून (हि.स.)। धुबड़ी जिले के तामरहाट इलाके में नदी में किये जा रहे अवैध खनन को लेकर दो गुटों में झड़प का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने रविवार को बताया कि गंगाधर नदी में अवैध खनन को लेकर बाघडोकरा गांव के लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हर दिन 50 से 70 नाव के जरिए अवैध तरीके से नदी से रेत और पत्थर निकाला जा रहा है। इस अवैध खनन के कार्य में एक गिरोह सक्रिय है जो प्रत्येक नाव से 300 से 400 रुपये संग्रह करता है। अवैध खनन को लेकर इलाके में भू-कटाव का खतरा बढ़ गया है। जिसको लेकर स्थानीय लोगों ने आज जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

अवैध खनन में शामिल लोगों और स्थानीय लोगों के बीच जमकर झड़प हुई। स्थिति को बिगड़ते देख ज्यादातर नाव वाले नाव लेकर फरार हो गए। घटना की खबर मिलते ही मौके पर तामरहाट पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से अवैध खनन को जल्द से जल्द रोके जाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार/असरार/अरविंद

   

सम्बंधित खबर