भोजपुरी सितारों रवि किशन और दिनेश लाल निरहुआ को जीत का पूर्ण विश्वास

लखनऊ, 03 जून(हि.स.)। उत्तर प्रदेश की गोरखपुर और आजमगढ़ लोकसभा सीटों से चुनाव मैदान में उतरे भोजपुरी सितारे रवि किशन व दिनेश लाल निरहुआ को उनकी जीत का पूर्ण विश्वास है। दोनों ही भोजपुरी सितारे एक बार सांसद रह चुके हैं और दूसरी बार भारतीय जनता पार्टी के टिकट से भाग्य आजमाने उतरे हैं।

आजमगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी दिनेश लाल निरहुआ ने एक बयान में कहा कि आजमगढ़ की जनता ने एक बार पहले भी उन्हें विजय हासिल करायी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ में विकास कार्यों की गंगा बहायी है तो जनता ने भाजपा को दिल खोलकर मतदान किया है। भाजपा के प्रत्याशी के रूप में उनकी जीत सुनिश्चित है।

लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान दिनेश लाल निरहुआ का गाया हुआ गीत बुलडोजर बाबा चाप रहे हैं, इसका जमकर उपयोग हुआ है। आजमगढ़ के अलावा भोजपुरी भाषायी लोकसभा क्षेत्रों गोरखपुर, देवरिया, बलिया, गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली में भाजपा ने अपने प्रचार वाहन पर इस गीत का भरपूर उपयोग किया।

गोरखपुर लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी रवि किशन ने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि गोरखपुर की जनता ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में उन्हें भरपूर प्यार दिया है। उन्हें विश्वास है कि इस बार बड़ी जीत के अंतर से रवि किशन चुनाव जीतेगा। जनता को मोदी और योगी पर विश्वास है, उनके विकास कार्यों के दम पर उन्होंने चुनाव लड़ा है। फिर उनकी जीत को कौन रोक सकता है।

भोजपुरी अभिनेता रवि किशन की अभी हाल ही में आयी मूवी लापता लेडीज कुछ कमाल नहीं दिखा पायी लेकिन चुनाव मैदान में रविकिशन अपनी अदाओं से कमाल दिखाने में सफल हुए हैं। गोरखपुर के मतदाताओं के बीच रवि किशन ने अपनी पैठ बनायी है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तालमेल के कारण उन्हें भाजपा के कट्टर कार्यकर्ताओं का भी समर्थन मिला है।

अपनी अभिनय क्षमता की बदौलत भोजपुरी जगत में नाम कमाने वाले रवि किशन और दिनेश लाल निरहुआ को उनकी भाषा शैली और बयानों के कारण जनता में बने रहने का मौका मिला। वहीं दोनों ही भोजपुरी सितारों के प्रचार में दूसरे भोजपुरी चेहरे भी जनता के बीच घूमते हुए दिखायी पड़े। भोजपुरी जगत में अभिनेत्री आम्रपाली ने निरहुआ के प्रचार में अपनी पूरी ताकत लगा दी।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/सियाराम

   

सम्बंधित खबर