हिमाचल विस उपचुनाव परिणाम : भाजपा पर भारी पड़ी कांग्रेस, छ में से चार कांग्रेस ने जीती

शिमला, 04 जून (हि.स.)। हिमाचल विधानसभा उपचुनाव की छह सीटों में से पांच के नतीजे आ गए हैं। उपचुनाव के नतीजों में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी विपक्षी भाजपा पर भारी साबित हुई है। चुनाव आयोग ने छह में से चार सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी को विजय घोषित किया है वहीं भाजपा के खाते में दो सीटें आई हैं। मतदाताओं ने कांग्रेस से भाजपा में शामिल छह पूर्व विधायकों में से चार को चुनाव में नकार दिया है।

लाहौल स्पीति, सुजानपुर, कुटलैहड और गगरेट विधानसभा सीटों पर कांग्रेस ने परचम लहराया। वहीं धर्मशाला और बड़सर में भाजपा को जीत मिली। कांग्रेस के रणजीत सिंह राणा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के राजेन्द्र राणा को 2440 मतों से हराया। रणजीत राणा को 29529 मत मिले जबकि भाजपा के राजेन्द्र राणा 27089 मत हासिल कर पाए। इस सीट पर अन्य चार प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई।

लाहौल-स्पीति से कांग्रेस ने एक बार फिर अपना परचम लहराया है। अनुराधा राणा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय प्रत्याशी रामलाल मारकण्डा को 1960 मतों से पराजित किया। चोंकाने वाली बात यह रही कि इस सीट पर भाजपा के रवि ठाकुर तीसरे स्थान पर रहे। अनुराधा राणा को 9414 मत पड़े जबकि निर्दलीय रामलाल मारकण्डा को 7454 और भाजपा के रवि ठाकुर को 3049 मत मिले।

गगरेट से कांग्रेस के राकेश कालिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के चैतन्य शर्मा को 8487 मतों से पराजित किया। राकेश कालिया को 35768 और चैतन्य शर्मा को 27281 मत मिले। अन्य तीन प्रत्याशी अपनी जमानत नहीं बचा सके।

मुख्यमंत्री सुक्खू के जिले हमीरपुर के बड़सर हल्के से भाजपा के इंद्रदत्त लखनपाल ने कांग्रेस के सुभाष को 2125 मतों से हराया। लखनपाल को 33086 और सुभाष को 30962 मत मिले। एक निर्दलीय विधायक की जमानत जब्त हो गई। धर्मशाला से भाजपा के सुधीर शर्मा को 5526 मतों से जीत मिली। उन्हें 28066 मत मिले वहीं कांग्रेस के देवेंद्र जग्गी को 22540 और निर्दलीय राकेश चौधरी को 10770 मत पड़े। एक अन्य निर्दलीय विधायक की जमानत जब्त हो गई।

कुटलैहड़ से कांग्रेस के विवेक शर्मा अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के देवेंद्र भुट्टो से 5356 मतों से जीत दर्ज की है।

इसी के साथ 65 सदस्यों वाली प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों की संख्या बढ़कर 38 हो गई है वहीं दो सीटों की बढ़ोतरी के साथ विपक्षी भाजपा के 27 विधायक हुए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिला हमीरपुर में दो सीटों सुजानपुर और बड़सर में विधानसभा उपचुनाव हुए और इनमें कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली। कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करें गृह जिले ऊना में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपचुनाव में दोनों सीट पर जीत दर्ज की है। इसके अलावा जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में भी कांग्रेस प्रत्याशी विजय रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील

   

सम्बंधित खबर