अयोध्या में सपा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद 55 हजार से अधिक वोटों से जीते

अयोध्या में भाजपा की हुई हार, सपा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद

- भाजपा के लल्लू सिंह नहीं लगा पाये हैट्रिक

अयोध्या, 04 जून (हि.स.)। फैजाबाद लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के अवधेश प्रसाद ने 55 हजार से अधिक वोटों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लल्लू सिंह को हराया है। उनके खाते में 5,49,889 वोट आए, तो वहीं भाजपा के उम्मीदवार को लगभग 4 लाख 94 हजार वोट मिले। तीसरे नंबर पर बसपा के सच्चिदानंद पांडेय रहे, जिन्हें 45,799 वोट मिले।

उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को फैजाबाद में मतदान हुआ था। यहां 59.10 फीसदी वोट पड़े थे।

भाजपा के फैजाबाद संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार लल्लू सिह की हैट्रिक नहीं लग पाई। इस बार इस संसदीय क्षेत्र में मुकाबला बहुत रोचक रहा। अभी तक लोकसभा चुनाव में कोई भी प्रत्याशी हैट्रिक नहीं लगा पाया है। भाजपा उम्मीदवार एवं वर्तमान सांसद लल्लू सिंह भी तीसरी बार नहीं जीते। वर्ष 2024 के चुनाव में अवधेश प्रसाद ने जीत हासिल की है। लल्लू सिंह वर्ष 2014 और 2019 में फैजाबाद लोकसभा का चुनाव जीते थे। जबकि भाजपा के विनय कटियार साल 1991 और 1996 का लोकसभा चुनाव जीते, लेकिन 1998 में चुनाव हार गए और 1999 में एक बार फिर भाजपा के टिकट पर फैजाबाद के सांसद बने थे।

कांग्रेस के टिकट पर डॉक्टर निर्मल खत्री वर्ष 1984 और 2009 में फैजाबाद के सांसद बने। मित्रसेन यादव फैजाबाद लोकसभा से तीन बार सांसद हुए, वर्ष 1989, 1998 और 2004 में चुनाव जीते, लेकिन वह भी हैट्रिक नहीं लगा सके। आजादी के बाद हुए आम चुनाव में कांग्रेस पार्टी से चार बार रामकृष्ण सिन्हा चुनाव जीते। उन्होंने दो बार लगातार जीत दर्ज की। तीसरी बार हैट्रिक लगाने का मौका 1977 में दिया गया, लेकिन कांग्रेस विरोधी लहर में वह सफल नहीं हुए। इस तरह फैजाबाद लोकसभा के चुनाव में अब तक कोई भी उम्मीदवार हैट्रिक नहीं लगा सका है। कांग्रेस आजादी के बाद से अब तक सात बार इस सीट पर चुनाव जीती है। ।

हिन्दुस्थान समाचार /पवन/दीपक/राजेश

   

सम्बंधित खबर