गांधीनगर में एक हेक्टेयर क्षेत्र में साढ़े छह हजार पौधों के साथ विकसित हो रहा है 'नमो वड वन'

नमो वन

-विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ‘नमो वड वन’ का निरीक्षण किया

-राज्य के 33 जिलों में 82 ‘नमो वड वन’ तैयार किए गए हैं

-प्रत्येक वड वन में 175 बरगद के पौधे लगाए गए हैं

गांधीनगर, 5 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बुधवार को गांधीनगर में ‘नमो वड वन’ का दौरा कर निरीक्षण एवं पौधरोपण किया। देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने 21 मार्च, 2022 को गांधीनगर में बरगद का पौधा लगाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को प्रिय बरगद के पेड़ों के नाम पर ‘नमो वड वन’ की शुरुआत की थी। नमो वड वन को राज्य के 33 जिलों के 75 स्थानों पर विकसित किया जा रहा है। यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में गुजरात की पथप्रदर्शक पहल है।

मुख्यमंत्री आज सुबह गांधीनगर के इस ‘नमो वड वन’ के दौरे पर पहुंचे और वहां लगाए गए फूलों और पौधों सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी हासिल की। मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान वन एवं पर्यावरण विभाग के प्रधान सचिव संजीव कुमार ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि, राज्य में 75 स्थलों पर ‘नमो वड वन’ तैयार करने के संकल्प के सापेक्ष अब तक 82 ‘नमो वड वन’ तैयार हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पहले वर्ष प्रत्येक ‘नमो वड वन’ में 75 बरगद के पौधे लगाने के बाद दूसरे वर्ष 100 और बरगद के पौधे लगाकर हम वनों के सघनीकरण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। अभी प्रत्येक ‘नमो वड वन’ में कुल 175 बरगद के पौधे लगाए गए हैं।

गांधीनगर में एक हेक्टेयर क्षेत्र में निर्मित ‘नमो वड वन’ में विभिन्न प्रजातियों के छोटे-बड़े पौधों और पुष्पीय पौधों सहित साढ़े छह हजार पौधों की देखभाल की जा रही है। ‘नमो वड वन’ में टपक सिंचाई और मटका पद्धति के जरिए पानी के सीमित इस्तेमाल के साथ पौधे उगाए जाते हैं। इसके अलावा, ‘नमो वड वन’ को लोगों के लिए पर्यावरण अनुकूल पिकनिक स्पॉट और पर्यटन आकर्षण का केंद्र बनाने के लिए यहां चिल्ड्रन प्ले एरिया, योग प्लेटफॉर्म और बैठने के लिए बेंच सहित अन्य सुविधाएं विकसित की गई हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के इस दौरे के दौरान सहकारिता राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा, प्रधान सचिव संजीव कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक और वन बल प्रमुख यू.डी. सिंह, सामाजिक वनीकरण के प्रधान मुख्य वन संरक्षक ए.पी. सिंह, विधायक रीटाबेन, महापौर हितेशभाई मकवाणा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/दधिबल

   

सम्बंधित खबर