हिसार : एसबीआई के रिटायर्ड चीफ मैनेजर ने की 'भ्रष्टाचार उन्मूलन पार्टी' बनाने की घोषणा

राजनीति के माध्यम से भ्रष्टाचार हटाने के साथ-साथ आम जन मानस को दिलाना चाहते अधिकार व सुविधाएं : चेतन गर्ग

हिसार, 5 मई (हि.स.)। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सेवानिवृत चीफ मैनेजर एवं अर्बन एस्टेट निवासी चेतन कुमार गर्ग ने अपनी रिटायरमेंट के समय को जन सेवा के कार्य में लगाने के लिए राजनीति के माध्यम से शुरूआत करने का निर्णय लिया है। बुधवार को उन्होंने इसके लिए अपनी नई पार्टी ‘भ्रष्टाचार उन्मूलन पार्टी’ बनाने की घोषणा की है।

चेतन कुमार गर्ग ने बुधवार को बताया कि भ्रष्टाचार ने जिस तरह से हमारे तंत्र में जड़ें जमा रखी हैं वह हमारे देश को खोखला करता जा रहा है और देश की प्रगति में बहुत बड़ी बाधा है। इसलिए भ्रष्टाचार पर पूरी तरह से अंकुश लगाकर विदेशों की तरह पूरे तंत्र को पारदर्शी बनाने की जरूरत है। भ्रष्टाचार उन्मूलन हमारी पार्टी का मुख्य उद्देश्य रहेगा। उन्होंने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान आज तक उन्होंने किसी प्रकार की रिश्वत नहीं ली और हमेशा भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज मुखर की। इसके साथ ही उन्होंने महसूस किया है कि देश में सबसे अधिक आम जन मानस पिसता है। चुनावों के समय सभी राजनीति दल लोक लुभावन वादे करके अपना राजनीतिक हित साधते रहते हैं और उसके बाद जनता को उसके हाल पर छोड़ दिया जाता है। यहां तक कि लोग बिजली, पानी व अन्य मूलभूत सुविधाओं को तरसते रहते हैं। इसके साथ ही आम जनता महंगाई, बच्चों की महंगी पढ़ाई व स्वास्थ्य पर होने वाले भारी भरकम खर्च आदि के नीचे पिसती रहती है और उसकी सुध लेने वाला कोई नहीं होता। विभिन्न राजनीतिक दल जनता की सुविधाओं की ओर कोई ध्यान नहीं देते।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव

   

सम्बंधित खबर