प्रयागराज महानगर की तीनों विधानसभाओं से भाजपा का अच्छा प्रदर्शन

प्रयागराज, 06 जून (हि.स.)। लोकसभा चुनाव में भाजपा महानगर का परिणाम गौर करने लायक है। एक तरफ जहां इलाहाबाद संसदीय सीट से पार्टी प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी को हार का मुंह देखना पड़ा तो वहीं फूलपुर लोकसभा सीट भाजपा की झोली में गई। इन दोनों लोकसभा सीटों पर जो सबसे गौर करने वाली बात है वह यह है कि इन दोनों संसदीय सीटों पर महानगर का प्रदर्शन अच्छा रहा।

इलाहाबाद लोकसभा सीट भले ही भाजपा हार गई लेकिन महानगर के दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने विपक्षी गठबंधन को बढ़त नहीं लेने दिया और इस सीट से पार्टी प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी भले ही चुनाव हार गए हों किंतु दक्षिणी विधानसभा से वो अपने विपक्षी से आगे रहे और बढ़त बनाए रखी। महानगर की तीनों विधानसभा सीटों पर पार्टी ने जीत दर्ज की है। यदि यहां मामला गड़बड़ाता तो फूलपुर की सीट भी मुश्किल में पड़ सकती थी। इलाहाबाद लोकसभा सीट भले ही पार्टी की झोली में न आई हो लेकिन इस लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले महानगर के दक्षिणी विधानसभा सीट पर पार्टी 10 हजार वोटों से बढ़त हासिल की। विधानसभा स्तर पर पार्टी ने यहां जीत दर्ज की है।

इसी तरह फूलपुर लोकसभा सीट के उत्तरी विधानसभा सीट पर 30 हजार व 15 हजार वोटों से पश्चिमी विधानसभा में पार्टी ने बढ़त बनाई और इन विधानसभा क्षेत्रों में जीत दर्ज की। महानगर के अंतर्गत पड़ने वाली इन तीनों विधानसभा सीटों पर अच्छा प्रदर्शन करने के लिए महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र ने महानगर के कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि इलाहाबाद लोकसभा सीट से हम भले ही जीत न दर्ज कर पाएं हों जिसकी आगे समीक्षा की जाएगी। किंतु इस लोकसभा सीट के तहत आने वाले महानगर के दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम किया और यहां से पार्टी ने जीत हासिल की है। इसी तरह फूलपुर लोकसभा क्षेत्र के उत्तरी एवं पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को महानगर अध्यक्ष ने बधाई दी और कहा कि प्रयागराज महानगर की तीनों विधानसभा सीट पर कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम मिला है।

इलाहाबाद लोकसभा सीट के तहत आने वाले शहर दक्षिणी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी ने अपने प्रतिद्वंदी इंडी गठबंधन प्रत्याशी उज्ज्वल रमण सिंह को 6931 वोटों से हराया। तो वहीं फूलपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पटेल ने शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में 29705 जबकि शहर पश्चिमी विधानसभा में 14785 मतों से बढ़त बनाई। कुल मिलाकर स्थिति स्पष्ट है कि प्रयागराज महानगर की भूमिका महत्वपूर्ण रही। मीडिया प्रभारी विवेक मिश्र ने बताया कि नवनिर्वाचित सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल का दिल्ली से वापस आने के बाद पार्टी कार्यालय में भव्य स्वागत किया जायेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/सियाराम

   

सम्बंधित खबर