लोस चुनाव : यूपी में राबर्टसगंज में सबसे ज्यादा, प्रतापगढ़ में सबसे कम दबा 'नोटा' का बटन

लखनऊ, 06 जून (हि.स.)। लोकसभा चुनाव 2024 में यूपी के वोटर्स ने नोटा का खूब जमकर इस्तेमाल किया। सूबे में राबर्टसगंज नोटा के प्रयोग में अव्वल रहा। वहीं प्रतापगढ़ में सबसे कम नोटा का इस्तेमाल किया गया। इलेक्शन कमीशन के आंकड़ों के मुताबिक, यूपी में इस बार 6 लाख से ज्यादा लोगों ने नोटा को वोट दिया। 2013 में नोटा चुनाव का हिस्सा बना और तब से ही हर चुनाव में ये काफी लोगों की पसंद बनता है। बता दें, 2019 के चुनाव में यूपी में 7 लाख से ज्यादा लोगों ने नोटा का इस्तेमाल किया था।

राबर्टसगंज नोटा में अव्वल

यूपी की संसदीय सीट संख्या 80 राबर्टसगंज सुरक्षित सीट है। इस सीट पर 19,032 (1.88%) लोगों ने नोटा का प्रयोग किया। इस चुनाव में कुल 12 प्रत्याशी मैदान में थे। समाजवादी पार्टी (सपा) के छोटे लाल ने जीत हासिल की। छोटे लाल ने अपना दल सोनेलाल की प्रत्याशी रिंकी कोल को 129,234 वोट के अंतर से शिकस्त दी। छोटे लाल को 465848 (46.14%) वोट मिले। वहीं रिंकी को 336,614 (33.34%) वोट हासिल हुए। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के धनेश्वर 118,778 (11.77%) वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे। कुल 10,09,545 वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव में कुल 56.74 फीसदी वोटिंग हुई।

प्रतापगढ़ में सबसे कम दबा नोटा का बटन

सेंट्रल यूपी की प्रतापगढ़ संसदीय सीट पर कुल 26 प्रत्याशी मैदान में थे। इस सीट पर सिर्फ 2891 लोगों ने नोटा का बटन दबाया। ये आंकड़ा यूपी में सबसे कम है। चुनाव में जीत सपा के शिवपाल सिंह पटेल की हुई। शिवपाल सिंह को 441932 46.65 वोट मिले। दूसरे स्थान पर रहे बीजेपी प्रत्याशी मौजूदा सांसद संगम लाल गुप्ता के हिस्से में 375,726 39.66 वोट आए। बीएसपी के प्रथमेश मिश्रा 'सेनानी' 80144 8.46 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे। कुल 947,288 वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

यूपी में 8.75 करोड़ वोटरों ने किया मतदान

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के 15 करोड़ 41 लाख 3 हजार 670 वोटरों में से इस बार 8 करोड़ 75 लाख 78 हजार 381 वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव में 56.83 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया। प्रदेश में कुल 634,971 (0.72%) लोगों ने नोटा का बटन दबाया। गौरतलब है, 2019 के चुनाव में यूपी में 726,868 (0.84%) लोगों ने वोटा का बटन दबाया था।

यूपी की 10 सीटें जिन पर सबसे ज्यादा दबा नोटा का बटन

राबर्टसगंज -19,032

झांसी -15,302

मीरजापुर -15,049

हमीरपुर -13,453

बांदा - 13,235

बहराइच -12,864

भदोही -11,229

जालौन -11,154

गौतमबुद्ध नगर -10,324

देवरिया -10,212

यूपी की 10 सीटें जिन पर सबसे कम दबा नोटा का बटन

प्रतापगढ़ -2891

कैराना -3249

घोसी -3518

मुजफ्फरनगर -3916

कानपुर -4117

फर्रुखाबाद -4365

बिजनौर -4446

कन्नौज -4818

अलीगढ़ -4934

सहारनपुर -4566

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. आशीष वशिष्ठ/मोहित

   

सम्बंधित खबर