केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार का संकल्प हुआ पूरा, झारखंड में भी बनानी है मजबूत सरकार : बाबूलाल मरांडी

अभिनंदन समारोह में बोलते बाबूलाल मरांडी

रांची, 6 जून (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में तीसरी बार मोदी सरकार का संकल्प पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि ऐतिहासिक है। जनता ने मोदी सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों पर अपनी मुहर लगाकर आत्म निर्भर और विकसित भारत बनाने का जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि हमसब को अभी आराम नहीं करना है। हमें तीसरी बार मोदी सरकार के संकल्प को पूरा करने के बाद झारखंड में भी भाजपा के नेतृत्व में एनडीए की मजबूत सरकार बनानी है।

मरांडी गुरुवार को प्रदेश भाजपा की ओर से हरमू रोड स्थित काव्स परिसर में नव निर्वाचित सांसदों के लिए स्वागत एवम अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे।

मरांडी ने नवनिर्वाचित सांसदों एवं उप विजेता रहे प्रत्याशियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि जनता ने नौ सीट पर जीत दिलाकर एनडीए को झारखंड में सबसे बड़ा गठबंधन बनाया है। जनता ने 50 से अधिक सीटों पर भाजपा को जीत दिलाई है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश मोदी सरकार की उपलब्धियों के समर्थन में तो है ही भ्रष्टाचार एवं तुष्टीकरण में आकंठ डूबी राज्य की ठगबंधन सरकार के खिलाफ है।

मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष नहीं बचा पाए इंडी गठबंधन की लाज : अमर कुमार बाउरी

नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि यह जनादेश भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और परिवारवाद के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में हमारी उपलब्धियां ऐतिहासिक हैं लेकिन लक्ष्य बड़ा रहने के कारण कम महसूस हो रहा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में राज्य के मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष अपनी विधानसभा सीट पर इंडी एलायंस की लाज नहीं बचा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संघर्ष से डरते नहीं और मजबूत होते हैं। आगे विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ता अपने परिश्रम से कमी की भरपाई कर देंगे। उन्होंने कहा कि गलत नैरेटिव सेट कर इंडी गठबंधन ने जनता को दिग्भ्रमित किया है।

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि अभी विश्राम का समय नहीं है। हमें संगठनात्मक संरचना को मजबूत और सक्रिय रखते हुए झारखंड में भी मजबूत सरकार के संकल्प को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास की पर्याय है। जब जब भाजपा सरकार बनी विकास कार्य तेजी से धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने कहा तीसरी बार मोदी सरकार अधूरे कार्यों को तेजी से पूरा करेगी।

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जबतक राज्य की भ्रष्ट निकम्मी सरकार को उखाड़ नहीं फेकेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का जनाधार भी बढ़ा है और जन समर्थन भी। इस चुनाव में भी भाजपा को पिछले चुनाव से ज्यादा मत प्राप्त हुए। भाजपा को देश भर में 23 करोड़ 64 लाख रिकॉर्ड वोट मिले हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं से नए संकल्प को पूरा करने में जुट जाना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार/वंदना/दधिबल

   

सम्बंधित खबर