अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा, 21 जून को देश भर आयोजित किए जाएंगे कार्यक्रम

नई दिल्ली, 7 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां जोरों पर हैं। इसको लेकर शुक्रवार को सूचना और प्रसारण मंत्रालय और आयुष मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजनों की समीक्षा शुरू कर दी।

सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू और आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने शुक्रवार को 21 जून को मनाए जाने वाले आगामी योग कार्यक्रमों की मीडिया और आउटरीच गतिविधियों की समीक्षा की।

आयुष मंत्रालय ने जानकारी दी कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की मीडिया इकाइयां योग अभ्यास के लाभों के बारे में जागरूकता के साथ-साथ सामान्य योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम गतिविधियों का आयोजन करने की तैयारी कर रही हैं। प्रेस सूचना ब्यूरो, प्रसार भारती, न्यू मीडिया विंग और अन्य सहित विभिन्न मीडिया इकाइयों द्वारा प्रमुख गतिविधियों की योजना बनाई गई है।

इसके तहत लोक सेवा प्रसारक, प्रसार भारती दूरदर्शन (डीडी) एवं ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर) नेटवर्क के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रमों का प्रसारण करेगा। दूरदर्शन सुबह के विशेष लाइव शो प्रसारित करने के साथ-साथ योग विशेषज्ञों के साथ कार्यक्रम एवं साक्षात्कार प्रसारित करेगा। आकाशवाणी आयुष मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संगठन 'मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान' के सहयोग से योग को जीवन शैली के रूप में बढ़ावा देने और लोगों के समग्र कल्याण के लिए कार्यक्रम प्रसारित करेगा। आयुष मंत्रालय ने एक 'योग गीत' तैयार किया है, जिसे सभी मीडिया प्लेटफार्मों पर साझा किया जाएगा।

योग के सर्वश्रेष्ठ कवरेज करने वालों को मिलेगा पुरस्कार

योग के प्रचार प्रसार में मददगार मीडिया संस्थानों को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय सम्मानित करेगा। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मीडिया सम्मान की शुरुआत दो साल पहले की थी। इस साल भी निजी मीडिया संस्थानों को प्रोत्साहित करने की पहल जारी रखते हुए यह पुरस्कार दिए जाएंगे। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने योग के संदेश को फैलाने में प्रिंट, टीवी और रेडियो में मीडिया हाउस एवं कंपनियों के योगदान को मान्यता देने के लिए नौ जून 2023 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मीडिया सम्मान की स्थापना की थी।

पुरस्कार श्रेणियों में योग को लेकर 'अखबार में सर्वश्रेष्ठ मीडिया कवरेज', 'इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (टीवी) में सर्वश्रेष्ठ मीडिया कवरेज' और 'इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (रेडियो) में योग को लेकर सर्वश्रेष्ठ मीडिया कवरेज' शामिल हैं। इस वर्ष के पुरस्कार, पिछले वर्ष के पुरस्कारों के साथ, योग दिवस के बाद समारोह में प्रदान किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ विजयलक्ष्मी/दधिबल

   

सम्बंधित खबर