पुण्यतिथि पर याद किये गये धरती आबा बिरसा मुंडा, लोगों ने दी श्रद्धांजलि

खूंटी,9 जून (हि.स.)। अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर रविवार को विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू जाकर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किये।

जिला मुख्यालय के बिरसा पार्क स्थित उनकी आमदकद प्रतिमा पर भी लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। भगवान बिरसा मुंडा के अनुयायी बिरसाइतों ने भक्ति भाव से बिरसा मुंडा की पूजा-अर्चना की। तोरपा के एनएचपीएसी गेट के सामने स्थित उनकी प्रतिमा पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किया। मौके पर पार्टी के तोरपा प्रखंड अध्यक्ष रूबेन टोपनो और वरिष्ठ नेता हेमंत गुप्ता ने कहा कि न सिर्फ स्वतंत्रता आंदोलन में बल्कि आदिवासियों-मूलवासियों के अस्तित्व के साथ ही उनके जल, जंगल और जमीन की रक्षा में भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

   

सम्बंधित खबर