मोदी 3.0 में मनोहर लाल की नई पारी शुरू

- दस साल पहले करनाल से शुरू की थी सक्रिय राजनीति

- महज 59 दिनों में ही बदल गया राजनीतिक जीवन

चंडीगढ़, 9 जून (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार बनी केंद्र सरकार में अपने राजनीतिक जीवन में नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। जिस तरह से मनोहर लाल ने वर्ष 2014 में अचानक सक्रिय राजनीति में आकर सभी को चौंकाया था उसी तरह से आज वह केंद्र में मंंत्री बने हैं। मोदी एवं मनोहर की जोड़ी वर्ष 2002 से एक साथ काम कर रही है। मनोहर लाल गुजरात में जहां भाजपा के प्रभारी रह चुके हैं वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी हरियाणा में संगठन महामंत्री रहते हुए मनोहर लाल के साथ काम कर चुके हैं।

केंद्रीय नेतृत्व ने वर्ष 2014 के विधानसभा चुनावों में विधानसभा का टिकट दिया था। उस समय यह भी कयास नहीं लगाए जा रहे थे कि मनोहर लाल को सीएम बनाया जा सकता है। भाजपा के पूर्ण बहुमत में आने के बाद कई नेताओं को पछाड़ते हुए मनोहर लाल हरियाणा के मुख्यमंत्री बने। 2019 के चुनाव में गठबंधन की सरकार बनी, उसमें भी मनोहर लाल को सीएम बनाया गया।

12 मार्च 2024 को मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया। 13 मार्च को विधानसभा में विधायक पद से इस्तीफा दिया। उसी दिन शाम को भाजपा ने मनोहर लाल को करनाल से लोकसभा प्रत्याशी घोषित कर दिया। कांग्रेस ने मनोहर लाल के सामने यूथ प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा को उतारा लेकिन दिव्यांशु 2.32 लाख वोटो से हार गए। महज 59 दिनों में मनोहर लाल ने विधायक से सांसद और सांसद से केंद्रीय कैबिनेट मंत्री बनने का सफर तय किया है। मनोहर लाल के केंद्र में मंत्री बनने के बाद भाजपा जीटी रोड की बैलट में दोबारा कमल खिलाने की तैयारी करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/प्रभात

   

सम्बंधित खबर