प्रतापराव गणपतराव जाधव ने संभाला आयुष मंत्रालय का कार्यभार

नई दिल्ली, 11 जून (हि.स.)। प्रतापराव गणपतराव जाधव ने मंगलवार को आयुष मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) का कार्यभार संभाल लिया। इसके साथ उन्होंने केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर स्वास्थ्य सचिव अपूर्व चंद्रा, आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा, अतिरिक्त सचिव (स्वास्थ्य) रोली सिंह सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

मंत्रालय में कार्यभार संभालने से पहले प्रतापराव जाधव ने अपने आवास पर पौधरोपण किया। कार्यभार संभालने के बाद अंगदान की शपथ भी ली। उल्लेखनीय है कि प्रतापराव जाधव ने महाराष्ट्र विधान सभा के तीन बार सदस्य और खेल, युवा कल्याण और सिंचाई राज्य मंत्री के रूप में विभिन्न क्षमताओं में महाराष्ट्र के लोगों का प्रतिनिधित्व किया है। वह 2009, 2014, 2019 और फिर 2024 में बुलढाणा निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुने गए हैं। वे 1997 से 1999 तक महाराष्ट्र सरकार में खेल, युवा कल्याण और सिंचाई राज्य मंत्री भी रहे हैं। लोकसभा, उन्होंने ग्रामीण विकास और पंचायती राज पर स्थायी समिति के अध्यक्ष और संचार और सूचना प्रौद्योगिकी पर स्थायी समिति के अध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ विजयलक्ष्मी/दधिबल

   

सम्बंधित खबर