संदिग्ध अवस्था में मिला विवाहिता का शव,पिता ने लगाया दहेज के लिए हत्या का आरोप

पूर्वी चंपारण,13 जून(हि.स.)। जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के नगर पंचायत वार्ड 12 अमीर खान टोला के एक घर से संदिग्ध स्थिति में एक विवाहिता का शव बरामद किया गया है। वही इस मामले में मृतका के पिता पश्चिम चंपारण के मझौलिया थाना क्षेत्र के बखरिया गांव निवासी सत्तार मियां ने दहेज में चार चक्का गाड़ी के लिए उसकी बेटी की हत्या करने का आरोप उसके ससुराल वालो पर लगाया है।

उन्होंने कहा है,कि दो वर्ष पूर्व सुगौली के अमीर खां टोला निवासी शाहिल अंसारी के साथ अपनी पुत्री सहीना खातुन की शादी की थी। शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले चार चक्का गाड़ी की मांग कर रहे थे। जिसे मै नहीं दे पाया तो उसके दमाद और उसके परिवार के लोगों ने मेरी बेटी की साजिश के तहत हत्या कर दी है। मृतक महिला का छह महीने का एक बेटा भी है।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के पिता के लिखित शिकायत पर उसके पति को घटना स्थल से हीं तत्काल हिरासत में ले लिया।

घटना के सम्बंध में थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार ने बताया कि मृतका के पिता ने दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है।फिलहाल मृतका के आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।बाकी के अन्य तीन नामजद आरोपित घर छोड़ कर फरार हैं जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।साथ हीं पोस्टमार्टम के लिए शव को मोतिहारी भेजा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/आनंद प्रकाश/चंदा

   

सम्बंधित खबर