हिसार:कार्यकारी अभियंता के आश्वासन पर कर्मचारियों का धरना स्थगित

हिसार, 14 जून (हि.स.)। सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन की पब्लिक हेल्थ ब्रांच कमेटी ने फील्ड कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के उपमंडल अभियंता नंबर 4 के कार्यालय के समक्ष शुक्रवार को धरना दिया। इस दौरान यूनियन ने विरोध प्रदर्शन भी किया। धरना की अध्यक्षता ब्रांच प्रधान दीपक लोट ने की जबकि ब्रांच सचिव विकास गोस्वामी ने संचालन किया।

धरने को संबोधित करते हुए ब्रांच प्रधान दीपक लोट व ब्रांच सचिव विकास गोस्वामी ने बताया कि कार्यकारी अभियंता ने संगठन को लिखित पत्र के माध्यम से बताया है कि उपमंडल अभियंता का स्वास्थ्य खराब हैं और वो अस्पताल में दाखिल हैं। कार्यकारी अभियंता के लिखित आश्वासन पर 19 जून को उपमंडल अभियंता से वार्ता तय हुई हैं। इसलिए संगठन ने धरने को 19 जून तक स्थगित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अगर 19 जून को उपमंडल अभियंता से वार्ता में कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नही हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी उपमंडल अभियंता की होगी

धरना को संबोधित करते हुए जिला प्रधान नरेश गौतम व जिला सचिव अभय राम फौजी ने बताया कि उपमंडल अभियंता समस्याओं का समाधान करने की बजाए हठधर्मिता अपनाकर कर्मचारियों का शोषण कर रहे हैं। मनमाने तरीके से कर्मचारियों के वेतन से कटौती की जा रही है। धरने को जिला कोषाध्यक्ष रमेश शर्मा, ब्रांच चेयरमैन रमेश आहूजा, ब्रांच वरिष्ठ उप प्रधान पवन शर्मा, कोषाध्यक्ष अशोक शर्मा, उप प्रधान राकेश शर्मा, सुरेंद्र चहल, रामफल पूनिया व अशोक पूनिया आदि पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर

   

सम्बंधित खबर