मुख्यमंत्री तमांग ने सोरेंग च्याखुंग क्षेत्र से विधानसभा की सदस्यता से दिया इस्तीफा

गंगटोक, 14 जून (हि.स.)। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सोरेंग च्याखुंग निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया है। इस बार विधानसभा चुनाव में प्रेम सिंह दो क्षेत्रों से चुनाव लड़े थे। राज्य में अब दोनों विधानसभा सीटों को रिक्त घोषित कर दिया है।

मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया के अकाउंट पर यह जानकारी दी कि उन्होंने सोरेंग च्याखुंग निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया है। मुख्यमंत्री तमांग ने अपने एक संदेश में सोरेंग-च्याखुंग और रिनॉक के लोगों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सोरेंग-च्याखुंग निर्वाचन क्षेत्र के लोगों से विनम्रतापूर्वक माफी भी मांगी है। उन्होंने सोरेंग च्याखुंग निर्वाचन क्षेत्र के विधायक के रूप में सेवा करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है।

इसके बाद सिक्किम विधानसभा सचिवालय ने अधिसूचना जारी कर दि कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सोरेंग च्याखुंग निर्वाचन क्षेत्र से इस्तीफा दे दिया है। यह निर्वाचन क्षेत्र 14 जून, 2024 से रिक्त हो गया है।

इससे पहले मुख्यमंत्री तमांग की धर्मपत्नी और नाम्ची सिंगीथांग निर्वाचन क्षेत्र की विधायक कृष्णा कुमारी राई ने भी गुरुवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। राज्य में अब दोनों निर्वाचन क्षेत्र रिक्त हो गए हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही इन दोनों विधानसभा क्षेत्राें में उपचुनाव कराए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि प्रेमसिंह तमांग ने हाल ही में संपन्न राज्य विधानसभा चुनाव में दो निर्वाचन क्षेत्रों, सोरेंग च्याखुंग और रिनॉक से चुनाव लड़ा। उन्होंने दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में भारी मतों से जीत हासिल की थी, लेकिन नियमों के मुताबिक उन्हें दोनों में से एक निर्वाचन क्षेत्र छोड़ना था। मुख्यमंत्री ने सोरेंग च्याखुंग निर्वाचन क्षेत्र से इस्तीफा दिया है। यह उनका अपना गृह निर्वाचन क्षेत्र भी है।

हिन्दुस्थान समाचार/बिशाल/सुनील

   

सम्बंधित खबर