राज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की प्रदेशवासियों को दी बधाई

नैनीताल, 20 जून (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

योग दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि योग शरीर, मस्तिष्क एवं आत्मा को सकारात्मक व स्वस्थ जीवन जीने की शक्ति देता है। योग हमें सिखाता है कि कैसे संतुलित जीवन जिया जा सकता है। राज्यपाल ने कहा कि इस वर्ष की थीम ‘स्वयं एवं समाज के लिये योग’ है। स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए हमें नियमित योग करना चाहिए और अन्य लोगों को भी योग करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। हमें सकारात्मक ऊर्जा की आवश्यकता है, जो तनाव को दूर रखे और हमें अपने कार्य को पूरा करने की शक्ति प्रदान करे। यह सब योग के नित्य अभ्यास से ही संभव है।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड योग प्रदेश है। यहां हरिद्वार और ऋषिकेश योग के लिए विश्व प्रसिद्ध हैं। पूरे विश्व को योग की प्रेरणा भारत से ही मिली है। राज्यपाल ने कहा कि हमें योग को एक अतिरिक्त काम के तौर पर न लेकर अपने दैनिक जीवनचर्या में अपनाना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. नवीन जोशी/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर