कैथल: कांग्रेस की झूठ को बिकने नही देंगे भाजपा कार्यकर्ता : नायब सैनी

अब वे कांग्रेस की झूठ का नकाब उतारने का काम करेंगे

कैथल त्रिदेव सम्मेलन में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सैनी कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

कैथल, 20 जून (हि.स. )। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नायब सैनी गुरुवार को यहां त्रिदेव एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे। उन्हाेंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि त्रिदेव ही हमारी पार्टी की सच्ची ताकत है, जिसकी बदौलत भाजपा का पूरे देश पर शासन है। कैथल की सरदारी ने लोकसभा चुनावों में कांग्रेस के घमंडिया गठबंधन को तोडऩे का काम किया। अब हम कांग्रेस की झूठ का नकाब उतारने का काम करेंगे।

सीएम नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने उनके सामने जो कांटे उगा रखे हैं, वो ठीक कर रहे हैं। भाइयों हम सबने संकल्प लेना है कि हम कांग्रेस की झूठ को बिकने नहीं देंगे। संहिता हटने के बाद उन्होंने 14 दिन में अधिकारियों को व्यवहार बदलने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अधिकारियों को कहा है कि अब आचार संहिता है चुकी है और वह एक्शन में आ जाएं। कांग्रेस घोटालों और झूठ बोलने वालों की पार्टी है, लोगों का कांग्रेस से विश्वास उठ गया है। नायब सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार में बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को नौकरियां नहीं मिलती थी। भ्रष्टाचार चरम पर था लोग कांग्रेस की सरकार से परेशान हो चुके थे।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पिछले लगभग 10 वर्षों में हर वर्ग के लिए काम किया है। गरीबों को बीमारी के दौरान होने वाले खर्च की चिंता से मुक्त किया है। किसानों को समृद्ध बनाने की दिशा में अनेकों योजनाएं डबल इंजन की सरकार ने बनाई है। श्री सैनी ने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की राह दिखाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने लोगों को प्लॉट देने की बात कही, लेकिन उन्हें न तो प्लॉट का कब्जा दिया, न ही रजिस्ट्री दी, लेकिन भाजपा सरकार ने गरीब लोगों को प्लॉट के साथ-साथ कब्जा भी दिया है। इस मौके पर पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, विधायक लीला राम, जिला प्रभारी मनीष यादव, जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर, चेयरमैन कैलाश भगत, दिनेश कौशिक, मनीष कठवाड़, सुरेश राविश, अरुण सर्राफ, सुरेश गर्ग, जिला महामंत्री सुरेश संधू, जिला मीडिया प्रभारी राज रमन दीक्षित मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/नरेश /संजीव

   

सम्बंधित खबर