पंजाब पुलिस ने एक साल में 356 नशा तस्कर दबोचे

चंडीगढ़, 21 जून (हि.स.)। पंजाब पुलिस ने प्रदेश में आपरेशन ईगल चलाकर एक साल में 356 लोगों को नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार से जुड़े 250 लोगों की संपत्ति की पहचान कर उसे जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

शुक्रवार की सुबह भी पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ चौथा अभियान चलाया गया। इस आपरेशन की अगुवाई कर रहे डीजीपी अर्पित शुक्ला ने बताया कि यह अभियान पिछले एक साल से चलाया जा रहा है। जिसके तहत नशे के हॉटस्पॉट इलाकों में कार्रवाई की जा रही है। एक साल में पुलिस ने पूरे पंजाब में 356 बड़े नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि नशे के अवैध कारोबार से 250 लोगों की बनाई गई संपत्ति की पहचान कर उसे जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

डीजीपी शुक्ला ने बताया कि अब तक नशा तस्करों की 200 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य में नशे के चक्र को खत्म करने के लिए अब पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारी मिलकर काम करेंगे। इसके लिए सरकार ने आदेश जारी कर किए हैं। जैसे ही कोई नशा तस्करी के आरोप में पुलिस गिरफ्तार करेगी, तभी राजस्व विभाग उसकी संपत्ति का रिकॉर्ड पुलिस को मुहैया करवाएगा। इसके बाद पुलिस सात दिन में उसकी संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया पूरी करेगी।

डीजीपी ने बताया कि पुलिस की तरफ से सीमावर्ती क्षेत्रों में कैमरे लगाने का प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। इस पर बीस करोड़ रुपये की लागत आएगी। पहले चरण में फिरोजपुर, तरनतारन और अमृतसर के गांवों में 575 स्थानों पर कैमरे लगाए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील

   

सम्बंधित खबर