हावड़ा में शनिवार को नहीं होगी पानी की आपूर्ति

कोलकाता, 21 जून (हि.स.)। हावड़ा नगरनिगम क्षेत्र में 18 घंटे तक पेयजल आपूर्ति बंद रहेगी। नगर निगम ने एक अधिसूचना जारी कर इसकी जानकारी दी है। निगम ने कहा कि हावड़ा नगर पालिका क्षेत्र के कई वार्डों में शनिवार दोपहर 12 बजे से रविवार सुबह छह बजे तक पेयजल आपू्र्ति बंद रहेगी।

नगर निगम ने कहा कि पद्मपुकुर में मुख्य जल पाइप लाइन के जंक्शन में दरार के कारण तत्काल आधार पर इसकी मरम्मत की जरूरत है। शनिवार को इसकी मरम्मत कराई जाएगी। इसलिए 18 घंटे तक जलापूर्ति बंद करने का निर्णय लिया गया है।

हालांकि नगर निगम सूत्रों के अनुसार, पेयजल आपूर्ति बंद होने पर भी आम लोगों को कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी उपाय किये जा रहे हैं।

नगर निगम प्रशासक सुजॉय चक्रवर्ती ने कहा कि जहां भी पानी की समस्या होगी, वहां पानी की वैकल्पिक व्यवस्था की जायेगी। पानी की गाड़ियां भेजी जाएंगी। हालांकि पहले ही नोटिस जारी कर लोगों को इस बारे में जानकारी दे दी गई है। रविवार सुबह जलापूर्ति शुरू करने का हरसंभव प्रयास किया जायेगा। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर