लोकसभा में 100 से भी कम सीट पाने वाली कांग्रेस इतरा रही: राजनाथ सिंह

-पूरे उत्साह से मनाया जाना चाहिए अटलजी का जन्म शताब्दी वर्ष

लखनऊ, 22 जून (हि.स.)। लखनऊ से सांसद व केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस आज इतरा रही है जिन्हें लोकसभा में 100 से भी कम सीटें मिली हैं। उन्होंने कहा इस देश में 64 करोड़ लोगों ने मतदान किया है और भाजपा को इसमें से 23.59 फीसदी और कांग्रेस 13 फीसदी मत प्राप्त हुए हैं। हमारी एनडीए को 40 फीसदी वोट प्राप्त हुए हैं। वह गोमतीनगर विस्तार में आयोजित नागरिक अभिनन्दन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

राजनाथ सिंह ने कहा कि सन् 1962 के बासठ वर्षों बाद पहली बार नरेन्द्र मोदी के रूप में पहली बार कोई व्यक्ति लगातार तीसरी बार भारत का प्रधानमंत्री बनने में सफल हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत में लोकसभा के लिए हुआ इस बार का चुनाव, देश के लोकतंत्र के सामर्थ्य को और उसकी मज़बूत जड़ों की गहराई को दुनिया के सामने सामर्थ्य के साथ प्रस्तुत करता है। दुनिया के दूसरे देशों के राजनयिकों ने भारत के लोकतंत्र के सामर्थ्य को सराहा है और प्रशंसा की है। इस चुनाव में देश के 64 करोड़ से ज्यादा लोगों ने मतदान किया है। इसमें भाजपा को 23.59 करोड़ और कांग्रेस को 13.67 करोड़ वोट मिले।

रक्षामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जितना विकास पिछले दस वर्षों में किया है वह तो बस ट्रेलर है। विकास की पूरी पिक्चर हमें आगे देखने को मिलेगी। पिछले दस साल वाकई अभूतपूर्व है। इस समय भारत की ग्रोथ रेट दुनिया में सबसे अधिक है। पिछले दस वर्षों में हमारा निर्यात बढ़ा है। पिछले दस वर्षों में अवसर और आय दोनों बढ़े हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ में विकास की गति को रुकने नहीं दूंगा। हमारी पूरी कोशिश रहेगी कि अगले पांच-दस वर्षों में विकसित लखनऊ के निर्माण के लिए पूरा प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि इस साल अटल जी का जन्म शताब्दी वर्ष मनाया जाना है। यह हमारे लिए सौभाग्य का विषय है कि हमें अटलजी का जन्म शताब्दी समारोह मनाने का अवसर मिलेगा। मैं लखनऊ के सभी कार्यकर्ताओं से कहूंगा कि उनका जन्म शताब्दी वर्ष पूरे उत्साह से मनाया जाना चाहिए।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा, पूर्व मंत्री डॉ महेन्द्र सिंह, प्रदेश महामंत्री भाजपा संजय राय, लखनऊ के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, एमएलसी मुकेश शर्मा, लालजी प्रसाद निर्मल, विधायक डॉ नीरज बोरा, विधायक ओमप्रकाश श्रीवास्तव, भाजपा के महानगर महामंत्री सुनील यादव, त्रिलोक सिंह अधिकारी और प्रकाश मिश्रा उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/आकाश

   

सम्बंधित खबर