मुख्यमंत्री धामी ने केन्द्रीय गृह मंत्री से की भेंट

देहरादून, 25 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री के साथ राज्य से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य आपदा मोचन निधि के अन्तर्गत पुनर्प्राप्ति और पुनर्निमाण की गाइडलाइन्स के अनुसार पुनर्निमाण के लिए कम धनराशि होने के कारण आवश्यक धनराशि राज्य को वहन करनी पड़ती है। राज्य सरकार के पास सीमित संसाधनों के वजह से परियोजना के पुनर्निमाण में विलम्ब होता है। उन्होंने राज्य आपदा मोचन निधि के अन्तर्गत पुनर्निमाण के लिए धनराशि बढ़ाने का अनुरोध किया। राज्य आपदा मोचन निधि के मानकों में प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त 33 केवी से अधिक क्षमता की एचटी लाइन के पुनर्निर्माण के लिए राज्य के लिए धनराशि की व्यवस्था का अनुरोध भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की वृद्धि को देखते हुए पार्किंग की समस्या है। उन्होंने नैनीताल स्थित शत्रु सम्पति मेट्रोपोल होटल परिसर की समस्त भूमि वाहन पार्किंग और सड़क चौड़ीकरण के लिए राज्य सरकार को देने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/सुनील

   

सम्बंधित खबर