जंगीपाड़ा में घर से मिला महिला का खून से लथपथ शव, पति पर हत्या का आरोप

हुगली, 29 जून(हि. स.)। हुगली जिले के जांगीपाड़ा थानांतर्गत धीतपुर इलाके में शनिवार सुबह एक महिला का रक्तरंजित शव उनके घर से बरामद किया गया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

स्थानीय और पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृत महिला का नाम अमीना बेगम (60) था। अमीना शनिवार सुबह अपने घर में मृत पाई गईं। आरोप है कि उसके पति शेख अजीम ने रात में उसकी हत्या कर दी। हालांकि, शनिवार सुबह से अजीम का कोई पता नहीं चल पाया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दंपत्ति का एक पोता अमीना के कमरे में सो रहा था। हालांकि, उसने दावा किया कि रात में कोई अशांति महसूस नहीं हुई। शनिवार सुबह वृद्धा की बहु अपने बेटे को आवाज देते हुए सास के घर में घुसी तो सन्न रह गई। देखा, अमीना लहुलुहान हालत में पड़ी थी। अस्पताल ले जाने पर डाक्टरों ने अमीना को मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक शेख अजीम झारखंड के रहने वाले हैं। वे लगभग पचास वर्षों से जंगीपाड़ा में रह रहे हैं। अमीना से शादी करने से लेकर चार बेटों और तीन बेटियों का पालन-पोषण करने और सभी की शादी अजीम ने अपने जांगीपाड़ा वाले मकान से की। लेकिन ये बुजुर्ग दंपति आपस में झगड़ने लगा था। अजीम झगड़ा कर घर से निकल जाते थे। ईद के दौरान भी ऐसा ही हुआ था। बाद में उनके परिजन उन्हें बर्दवान स्टेशन से वापस घर ले आये।

अमीना के दामाद शेख मोहसिन ने बताया, ''''ससुर सास पर शक करते थे। इसको लेकर अशांति थी। रात में दोनो खाना खाने के बाद मेरे साले के बेटे को लेकर सो गए। इसके बाद घटना की जानकारी हुई। ससुर जी ने धारदार हथियार से अपने पत्नी की हत्या कर दी और फरार हो गए। जंगीपारा पुलिस के मुताबिक, हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ धनंजय

   

सम्बंधित खबर