खेल खेल में बच्ची की मौत

हुगली, 30 जून (हि.स.)। हुगली जिले के बांसबेड़िया नगरपालिका 18 नंबर वार्ड के खुदीराम पल्ली इलाके में गले में गमछा फंसने से एक बच्ची की मौत हो गई। मृत बच्ची का नाम तियाशा ठिकादार था। वह खुदीराम पल्ली, वार्ड नंबर 18, बांसबेड़िया नगरपालिका की निवासी थी। वह चौथी कक्षा में पढ़ती थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर घर पर कोई बुजुर्ग नहीं थे। दोपहर के भोजन के बाद दो बहनें एक साथ खेल रही थीं। इसी दौरान गमछे में फंसकर एक नौ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। दीदी को तड़पते देख उसकी बहन घर से बाहर निकली और पड़ोसियों को बताया। जब तक पड़ोसी दौड़कर आए तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। बच्ची मर चुकी थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिल्म की नकल करने के दौरान यह हादसा हुआ।

रविवार सुबह उनकी मां अपनी दोनों बेटियों को घर पर छोड़कर काम पर चली गई। घर पर दो बहनें अकेली थीं। इसी दौरान खेल खेल में तौलिया तियाशा के गर्दन में फंदे की तरह फंस गया और उसकी मौत हो गई।

पड़ोसियों ने बताया कि दोनों बहनें ज्यादातर समय घर में अकेली रहती थीं। रविवार दोपहर एक बच्ची रोते हुए घर से बाहर निकली और बताया कि उसकी बहन के गर्दन में गमछे का फंदा फंस गया है। यह सुनकर लगभग सभी लोग तेजी से भागे। उन्होंने जाकर देखा तो तियाशा का शव लटका हुआ था। तियाशा को मोगरा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हिन्दुस्थान समाचार/ धनंजय /गंगा

   

सम्बंधित खबर