राहुल गांधी का पुतला लेकर सड़क पर उतरा भारतीय जनता युवा मोर्चा

लखनऊ, 02 जुलाई(हि.स.)। संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हिन्दू पर आपत्तिजनक शब्दों पर मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने लखनऊ में प्रदर्शन किया। राहुल गांधी का पुतला लेकर सड़क पर भारतीय जनता युवा मोर्चा उतरी और इस दौरान पुलिसकर्मियों से उनकी नोकझोंक हुईं।

माल एवेन्यू स्थित कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय की ओर जा रहे भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को गौतमपल्ली थाने की पुलिस ने रोका। पुलिस के रोकने पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे और राहुल गांधी का पुतला लेकर वीवीआईपी चौराहे की ओर दौड़ने लगे।

पुलिसकर्मियों के बार-बार रोकने के दौरान ही युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पुतले में आग लगा दी। राहुल गांधी के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने दो टूक कहा कि हिन्दू हिंसक होते हैं, ये शब्द पूरे हिन्दुस्तान को बर्दाश्त नहीं है। कोई भी हिन्दू इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। राहुल गांधी को देश से हिन्दूओं से माफी मांगनी पड़ेगी।

युवा मोर्चा की तरह ही विश्व हिन्दू महासंघ के कार्यकर्ताओं ने भी राहुल गांधी का पुतला फूंका। महासंघ के स्थानीय अध्यक्ष शिशिर ने राहुल गांधी के बयान को देश की जनता के विपरीत बयान बताया है। समूचे राष्ट्र का अपमान बताते हुए उन्होंने राहुल गांधी से अपने शब्दों के लिए माफी मांगने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/सियाराम

   

सम्बंधित खबर