सिलीगुड़ी में राज्यपाल से मिली निर्वस्त्र कर पीटी गईं महिला, सुनाई आपबीती

कोलकाता, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर बंगाल के कूचबिहार में सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के हाथों निर्वस्त्र कर पीटी गई भाजपा की महिला नेता ने मंगलवार को राज्यपाल डॉक्टर सी.वी. आनंद बोस से मुलाकात की है। सिलीगुड़ी में गवर्नर से मिलने के बाद पीड़िता ने अपने साथ हुई दर्दनाक हादसे को भी बयान किया। उसने बताया कि वह भाजपा की नेता है, इसलिए तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उन्हें घसीट कर कपड़े उतारे और बर्बर तरीके से पीटा।

महिला ने कहा कि राज्यपाल से मिलकर मैंने न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस पर भरोसा नहीं है और घटना की जांच सीबीआई को सौंपी जानी चाहिए। उसने बताया कि वारदात वाले दिन से लेकर आज तक पुलिस से लगातार न्याय की गुहार लगा रही है लेकिन कोई मदद नहीं मिल रही।

इस वारदात को लेकर राज्यपाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह से खतरनाक स्थिति में है। राज्य सरकार के संरक्षण में हिंसा हो रही है।

उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल दिल्ली से सीधे सिलीगुड़ी पहुंचे हैं, जहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उनका चोपड़ा जाने का कार्यक्रम भी था लेकिन उन्होंने अचानक अपना दौरा रद्द कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश/गंगा/आकाश

   

सम्बंधित खबर