अखिलेश यादव के बयान पर भूपेन्द्र चौधरी ने किया पलटवार

लखनऊ, 02 जुलाई (हि.स.)। संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा में मंगलवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा दिए गए बयान पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने करारा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जिन्हें अपने राज में मतपेटियां लुटवाने का अनुभव रहा हो वो ईवीएम की पारदर्शी प्रक्रिया और चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था का क्या सम्मान करेंगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जिस ईवीएम के परिणामों के सहारे लोकतंत्र के मंदिर संसद तक पहुंचे हैं, आज उसी ईवीएम और संवैधानिक प्रक्रिया व संस्थाओं पर संदेह पैदा कर लोकतंत्र का मजाक उड़ा रहे हैं। भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि सपा के अराजक लोगों को बैलेट बॉक्स लूटने और बोगस वोट डलवाने में महारत हासिल है।

पेपर लीक के मुद्दे पर अखिलेश ने कहा कि सपा की सरकार में किस तरह से पेपर लीक हुआ करते थे, ये किसी से छिपा नहीं है। शिक्षा माफिया, पेपरलीक और नकल माफिया का जन्म तो सपा सरकार में ही हुआ था। इन्हें संरक्षण देने वाली सपा ही है, जिसने एक जाति विशेष को लाभ पहुंचाने के लिए ये सब गोरखधंधा शुरू किया। योगी सरकार ही है जिसने पेपर लीक माफिया के खिलाफ अध्यादेश लाकर सख्त कानून बनाने की पहल की है। इसमें आजीवन कारावास और एक करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

अयोध्या पर दिए गए बयान पर भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि खुशी इस बात की है जो राम मंदिर निर्माण के बाद अब तक भगवान राम के दर्शन को नहीं पहुंचे वो आजकल दिन रात भगवान राम का नाम ले रहे हैं। जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं, जिन्होंने रामभक्तों के खून से सरयू को सराबोर कर दिया था वो आज राम कृपा पर फूले नहीं समा रहे हैं। सच ही कहा था उन्होंने कि हुइए वही जो राम रचि राखा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी को लखनऊ से सैफई को जोड़ने वाली सड़क पर बड़ा नाज है, लेकिन भाजपा सरकार ने बिना भेदभाव प्रदेश के हर हिस्से को एक्सप्रेसवे और सड़क से जोड़ा है। आज निर्मल अविरल गंगा का जिक्र करते हुए वो अपने समय में गंगा की दुर्दशा को भूल जाते हैं। वो नहीं बताते कि उन्होंने गंगा की स्वच्छता के लिए कोई कदम नहीं उठाया।

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि गन्ना भुगतान पर भी अखिलेश ने झूठ बोला। पहले के समय में यूपी में गन्ना किसानों को सालों तक भुगतान नहीं होता था, लेकिन अब प्रदेश में न सिर्फ बंद चीनी मिलों को दोबारा से शुरू कराया गया, बल्कि किसानों का गन्ना भुगतान भी किया गया। प्रदेश की भाजपा सरकार ने अब तक ढाई लाख करोड़ का रिकॉर्ड भुगतान कर प्रदेश के गन्ना किसानों को राहत देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश को संविधान के नाम पर गुमराह करने वालो को जनता ने कितनी बार सत्ता से बाहर किया, गिनती कर लीजिए। 7 बार लगातार जनता ने सपा के मुंह पर जो हार का तमाचा मारकर उसका गुरूर तोड़ा है वो भी सपा प्रमुख को भूलना नहीं चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/आकाश

   

सम्बंधित खबर