उपराज्यपाल ने मुहर्रम तैयारियों की समीक्षा हेतु बुलाई उच्च स्तरीय बैठक

अधिकारियों को धार्मिक नेताओं के साथ जल्द बैठकें करने और उनके मुद्दों को हल करने का दिया निर्देश
श्रीनगर। स्टेट समाचार
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नागरिक सचिवालय में मुहर्रम की व्यवस्था की समीक्षा हेतु एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मुख्य सचिव अटल डुल्लू, पुलिस महानिदेशक आर.आर. स्वैन, एडीजीपी कानून एवं व्यवस्था विजय कुमार, उपराज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ. मंदीप कुमार भंडारी, कश्मीर के मंडलायुक्त विजय कुमार बिधूड़ी, प्रशासनिक सचिव, उपायुक्त, विभागाध्यक्ष और नागरिक एवं पुलिस प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। उपराज्यपाल ने अधिकारियों, उपायुक्त और एसएसपी को मुहर्रम के सुचारू पालन को सुविधाजनक बनाने के लिए शिया समुदाय के प्रतिष्ठित सदस्यों और धार्मिक नेताओं के साथ जल्द से जल्द बैठकें करने और उनके मुद्दों और मांगों को हल करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों को इमामबाड़ों तक बेहतर सडक़ संपर्क, निर्बाध बिजली आपूर्ति और पीने के पानी की सुविधाएं, विशेष रूप से इमामबाड़ों और उसके आसपास उचित सफाई और स्वच्छता उपायों, राशन के अग्रिम वितरण और आवश्यकतानुसार अन्य सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए हर संभव उपाय करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मुहर्रम को सुचारु रूप से मनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित कर ली जानी चाहिए। उपराज्यपाल ने नियमित बाजार निरीक्षण और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं समागमों पर सुरक्षा, सुचारू यातायात प्रबंधन एवं चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में व्यापक प्रबंध करने के भी निर्देश दिये। उपायुक्तों ने आगामी मुहर्रम के मद्देनजर अपने-अपने जिला प्रशासन की तैयारियों के बारे में अध्यक्ष को जानकारी दी।

 

   

सम्बंधित खबर