राज्यपाल ने बाढ़ प्रभावित मोरीगांव जिले का किया दौरा

- बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ समय बिताया

गुवाहाटी, 04 जुलाई (हि.स.)। असम में बाढ़ की दूसरी लहर के चलते असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने आज बाढ़ प्रभावित मोरीगांव जिले का दौरा किया तथा भूरागांव गांव के बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ समय बिताया।

राज्यपाल ने उनसे बातचीत की और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौजूदा बाढ़ की स्थिति का भी जायजा लिया और जिला प्रशासन को बाढ़ प्रभावित लोगों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

भारी मानसूनी बारिश से उफनती ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियों ने मोरीगांव जिले के बड़े हिस्से को जलमग्न कर दिया है, जिससे 3 राजस्व क्षेत्रों के 55 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

इसे देखते हुए राज्यपाल कटारिया ने जिला आयुक्त देवाशीष सरमा को बाढ़ पीड़ितों तक चिकित्सा सुविधाओं सहित उचित राहत सामग्री पहुंचाने के लिए तत्काल पहुंचने को कहा। उन्होंने जिले के स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ प्रभावित लोगों, खासकर बुजुर्गों, स्तनपान कराने वाली माताओं और शिशुओं की देखभाल करने को कहा।

उन्होंने बाढ़ से हुई संपत्ति, फसल भूमि और मवेशियों को हुए नुकसान का भी जायजा लिया। राहत और बचाव के लिए समय पर जिला प्रशासन द्वारा किए गए हस्तक्षेप की सराहना करते हुए राज्यपाल ने बाढ़ प्रभावित लोगों से अनुरोध किया कि वे किसी भी समस्या के लिए जिला प्रशासन से संपर्क करें। इससे पहले, मोरीगांव सर्किट हाउस पहुंचकर कटारिया ने मोरीगांव जिले के जिला आयुक्त, पुलिस अधीक्षक और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की और जिले की बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। राज्यपाल ने यह भी कहा कि जब कोई समस्या उत्पन्न होती है, तो सबसे अच्छा तरीका यह है कि बैठकर संभावित समाधानों पर चर्चा की जाए।

राज्यपाल ने कहा, मुझे खुशी है कि मैं यहां हूं और बाढ़ पीड़ित और जिला अधिकारियों दोनों से बातचीत की है। मैंने सभी आवश्यक जानकारी एकत्र कर ली है और हमारे लोगों के सामने लंबे समय से चल रहे इस मुद्दे का उचित समाधान सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री से चर्चा करूंगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद/प्रभात

   

सम्बंधित खबर