मां की हत्या कर फरार हुआ बेटा

मुर्शिदाबाद, 03 जुलाई (हि.स.)। संपत्ति विवाद को लेकर वृद्ध मां की हत्या करने का आरोप बेटे पर लगा है। घटना बुधवार दोपहर मुर्शिदाबाद जिला अंतर्गत कांदी थाना चेकपोस्ट गांव की है। मृत वृद्धा का नाम आदरी मंडल (62) बताया गया है जबकि आरोपित बेटे का नाम असीम मंडल है। इस घटना से इलाके में तनाव का माहौल है। घटना के बाद से आरोपित फरार है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, कई दिनों से आरोपित संपत्ति अपने नाम पर लिखने के लिए मां पर दबाव बना रहा था और जान से मारने की धमकी दे रहा था। संपत्ति लिखने के लिए उनकी मां राजी नहीं थी। बुधवार इसी को लेकर फिर से विवाद हुआ जिसके दौरान असीम ने हंसुए से वृद्धा पर हमला कर दिया। उनकी चीख सुनकर पड़ोसी दौड़े आए और पुलिस को घटना की सूचना दी। इस बीच आरोपित फरार हो गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

मृतका के एक पड़ोसी ने बताया कि आज दोपहर चीख सुनकर मैं गया तो देखा कि असीम की मां रक्तरंजित हालत में पड़ी हुई हैं। आसपड़ोस के लोगों ने घटना के बारे में बताया।

हिन्दुस्थान समाचार/ गंगा

   

सम्बंधित खबर