हिमाचल में फ्लॉप हुआ भाजपा का ऑपरेशन लोटस : कांग्रेस

शिमला, 14 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस सगंठन महामंत्री रजनीश किमटा ने विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस को मिली जीत के बाद विपक्षी दल भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप जड़ा कि प्रदेश में भाजपा का कांग्रेस सरकार के खिलाफ ऑपरेशन लोटस बुरी तरह फ्लॉप हुआ है। भाजपा ने जोड़तोड़ व धनबल से सत्ता हथयाने का असफल प्रयास किया था और इससे भाजपा ने अपने कर्मठ नेताओं व कार्यकर्ताओं के विश्वास को भी तोड़ा है।

रजनीश किमटा ने रविवार को शिमला में कहा कि भाजपा ने कांग्रेस के छह विधायकों के साथ मिलकर धनबल पर राज्यसभा की सीट चुराई। इसके बाद तीन निर्दलीय विधायकों को भी विधानसभा से त्यागपत्र दिलाया। इन नौ विधानसभा सीटों पर उप चुनावों में इन सभी नेताओं को पार्टी टिकट देकर भाजपा ने अपने कर्मठ नेताओं का जो तिरस्कार किया है उसे यह नेता कभी भूलने वाले नही।

उन्होंने आगे कहा कि विधानसभा उप चुनावों के परिणामों ने सिद्ध कर दिया है कि प्रदेश के लोग न तो धनबल पर कोई विश्वास रखते है और न ही दलबदल पर। अपने राजनैतिक स्वार्थ के लिये भाजपा ने प्रदेश में जो खेल खेला उसके लिए प्रदेश के लोग उसे अब कभी माफ नही करेंगे।

किमटा ने कहा कि इन उप चुनावों के बाद प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस की संख्या अब 40 हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश की कांग्रेस सरकार ओर भी मजबूत हो गई है और अब भाजपा का कोई भी सरकार को अस्थिर करने का षड्यंत्र नही चल पाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा / सुनील शुक्ला

   

सम्बंधित खबर