नारी शक्ति सम्मान से पुरुस्कृत बाड़मेर की रूमा देवी को मिला राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का न्यौता

बाड़मेर/जयपुर, 02 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट की ओर से बाड़मेर की रूमा देवी को निमंत्रण प्राप्त हुआ है। इस ऐतिहासिक समारोह का हिस्सा बनने के लिए बाड़मेर की रूमा देवी को भी विशिष्ट महानुभाव श्रेणी का निमंत्रण दिया गया है।

इस उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए देश-विदेश के चुनिंदा लोगों को न्यौता मिल रहा है। कई पुरस्कारों से सम्मानित रूमा देवी महिला सशक्तीकरण तथा सामाजिक कार्यों के लिए विश्व भर में जानी जाती है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने हालिया राजस्थान दौरे पर जैसलमेर में अपने दिए उद्बोधन में रूमा देवी की देश व विदेश में देश का सम्मान बढ़ाने के लिए विशेष सराहना की थी।

ट्रस्ट के महासचिव संपत राय ने एक बयान में कहा है कि भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा में लगभग 4000 संतों और 2200 प्रमुख शख्सियतों को आमंत्रित किया गया है। इसमें सियासत, खेल, बॉलीवुड, उद्योग और अध्यात्म से जुड़ी तमाम नामचीन हस्तियों को निमंत्रण दिया गया है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। साथ ही इस कार्यक्रम में देश और विदेश की दिग्गज हस्तियां शामिल हो रही है।

जानकारी के अनुसार इस ऐतिहासिक समारोह में योग गुरु बाबा रामदेव, तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा, केरल की माता अमृतानंदमयी, प्रमुख दर्शनों के शंकराचार्यों सहित प्रतिष्ठित साधु संतों को निमंत्रण दिया गया है। क्रिकेटर व भारत रत्न सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, रोहित शर्मा, इसरो निदेशक निलेश देसाई, प्रमुख औद्योगिक समूह से रतन टाटा, मुकेश अंबानी, गौतम अडानी, बॉलीवुड से अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, माधुरी, आलिया भट्ट, साउथ के मशहूर अभिनेता रजनीकांत, चिरंजीवी, यश प्रभास के शामिल होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/ सुनीता कौशल/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर