घर में अकेली सो रही महिला की कुल्हाड़ी से गला काटकर की हत्या, पुलिस जांच में जुटी

बलरामपुर, 4 जनवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जिला बलरामपुर राजपुर थानांतर्गत सेवारी गांव में घर में सो रही एक महिला की अज्ञात आरोपितों ने कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है। वहीं मौके पर कुल्हाड़ी भी बरामद हुआ है।

जानकारी के अनुसार, राजपुर थाना क्षेत्र के सेवारी गांव के बसियाटोंगरी में बुधवार रात घर में सो रही अकेली महिला पर अज्ञात आरोपितों ने कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया है। राजपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। फिलहाल हत्या का कारण अज्ञात है।

राजपुर थाना प्रभारी रमाकांत साहू ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जल्द से जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के दौरान मृतक महिला के घर में कोई भी नहीं था। जब महिला का पति गुरुवार सुबह घर पहुंचा तो उसे घटना की जानकारी लगी। इसके बाद पुलिस को सूचना मिली है और घटना स्थल पर पुलिस पहुंची है। मामले में पुलिस बारीकी से जांच में लगी है, जांच के बाद ही हत्या का खुलासा हो सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल

   

सम्बंधित खबर