होटल व्यवसायी और भाजपा नेता रमेश ढींगरा का निधन

मेरठ, 04 जनवरी (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता और होटल व्यवसायी रमेश ढींगरा का गुरुवार को दिल्ली के अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन पर व्यापारियों, उद्यमियों और नेताओं ने शोक व्यक्त किया।

मेरठ शहर की देवपुरी कॉलोनी निवासी रमेश ढींगरा शहर के जाने-माने होटल व्यवसायी थे। वह कांग्रेस और बसपा के टिकट पर कई बार मेरठ कैंट विधानसभा सीट से चुनाव लड़े। इसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गए थे। पंजाबी समाज के दिग्गज नेताओं में रमेश ढींगरा की गिनती होती थी। व्यापारी राजनीति में भी रमेश ढींगरा का अच्छा-खासा दखल था। मेरठ के राजमहल होटल के संचालक रमेश ढींगरा काफी समय से बीमार चल रहे थे। दिल्ली के अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। गुरुवार दोपहर को अस्पताल में उनका निधन हो गया। वर्तमान में रमेश ढींगरा आबूलेन व्यापार संघ के संरक्षक थे। आबूलेन व्यापार संघ के अध्यक्ष राजवीर सिंह ने बताया कि रमेश ढींगरा संयुक्त व्यापार संघ में भी पदाधिकारी रहे हैं। उनके निधन पर व्यापारियों, समाजसेवियों और राजनीतिज्ञों ने शोक व्यक्त किया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/सियाराम

   

सम्बंधित खबर