मप्रः नगरीय निकाय एवं पंचायत उप निर्वाचन के लिए शुक्रवार को होगा मतदान, तैयारियां पूर्ण
- Admin Admin
- Jan 04, 2024
![](/Content/PostImages/DssImage.png)
भोपाल, 4 जनवरी (हि.स.)। नगरीय निकाय एवं पंचायतों के उप निर्वाचन के लिये शुक्रवार, 05 जनवरी, 2024 को मतदान होगा। मतदान की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गयी हैं। गुरुवार को मतदान दल मतदान केन्द्रों के लिये रवाना हो गए हैं। यह जानकारी राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव अभिषेक सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि पंचायतों में मतदान पांच जनवरी को सुबह 7 से अपरान्ह 3 बजे तक और नगरीय निकायों में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक होगा। नगरीय निकायों की मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा 9 जनवरी को सुबह 9 बजे से होगी। पंचायत उप निर्वाचन में पंचायत पद के लिये मतगणना मतदान के तुरंत बाद मतदान केन्द्र में ही होगी। सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की ईव्हीएम में की जाने वाली मतगणना 9 जनवरी को संबंधित विकासखण्ड मुख्यालय पर सुबह 8 बजे से की जायेगी।
उन्होंने बताया कि सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य पद के निर्वाचन परिणामों की घोषणा 9 जनवरी और जिला पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणाम की घोषणा 11 जनवरी को की जायेगी। उल्लेखनीय है कि 9 हजार 220 पंच, 56 सरपंच, 15 जनपद पंचायत सदस्य और एक जिला पंचायत सदस्य के लिये उप निर्वाचन होगा। इसी तरह विभिन्न नगरीय निकायों में 20 पार्षद पद के लिये उप निर्वाचन होना है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश